35,000 KM रेंज, 11 परमाणु वॉरहेड... कितनी ताकतवर है सरमत मिसाइल, जिसका रूस ने किया सफल परीक्षण?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को एक अहम घोषणा की, जिसमें उन्होंने कहा कि रूस इस साल के अंत तक अपनी नई रणनीतिक परमाणु मिसाइल, सरमत, को तैनात कर देगा.

russia-to-deploy-sarmat-missile-putin-announces-worlds-most-powerful-weapon
Image Source: Social Media

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को एक अहम घोषणा की, जिसमें उन्होंने कहा कि रूस इस साल के अंत तक अपनी नई रणनीतिक परमाणु मिसाइल, सरमत, को तैनात कर देगा. पुतिन ने इसे "दुनिया की सबसे शक्तिशाली मिसाइल" करार दिया. यह घोषणा सरमत मिसाइल के हाल ही में सफल परीक्षण के बाद आई, जिसे रूस की सुरक्षा और रणनीतिक क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

सरमत मिसाइल जल्द ही कॉम्बैट अलर्ट पर

रूसी समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने कहा कि सरमत हैवी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) को इस साल के आखिर तक कॉम्बैट अलर्ट पर रखा जाएगा. मिसाइल के सफल परीक्षण की रिपोर्ट सुनने के बाद उन्होंने यह स्पष्ट किया, "सरमत को वाकई इस साल के आखिर तक कॉम्बैट अलर्ट पर रखा जाएगा." इस बयान से रूस की वैश्विक सामरिक स्थिति और उसकी मिसाइल क्षमताओं का प्रभाव साफ झलकता है.

परीक्षण में लगे लोगों को पुतिन का धन्यवाद

पुतिन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए रूस के रक्षा मंत्रालय, शोधकर्ताओं, इंजीनियरों, रक्षा उद्योग के उत्पादन आयोजकों और मुख्य ठेकेदारों सहित टीम में शामिल हजारों कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी तरह से उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है. राष्ट्रपति ने विशेष रूप से रूसी रणनीतिक मिसाइल बलों के कमांडर सर्गेई काराकायेव का धन्यवाद किया और उन्हें रूस की रक्षा क्षमता को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए सराहा.

सरमत मिसाइल: शक्ति और क्षमता का प्रतीक

सरमत मिसाइल, जिसे नाटो नाम 'सैटन 2' (Satan-II) से भी जाना जाता है, रूस की एक भारी और परमाणु-सक्षम अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल है. इसे दुनिया की सबसे शक्तिशाली और लंबी दूरी की मिसाइलों में से एक माना जाता है. इसकी अनुमानित रेंज लगभग 10,000 किलोमीटर से लेकर 18,000 किलोमीटर तक है, और रूस का दावा है कि इसे 35,000 किलोमीटर तक अपग्रेड किया जा सकता है.

सरमत लगभग 10 मीट्रिक टन तक का पेलोड ले जाने में सक्षम है और मल्टीपल इंडिपेंडेंटली टारगेटेबल री-एंट्री व्हीकल (MIRV) तकनीक से लैस है, जो इसे किसी भी प्रतिकूल स्थिति में अत्यंत प्रभावशाली बनाती है.

ये भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम खत्म, फिर भड़की भीषण लड़ाई; अमेरिका कर रहा मध्यस्थता की कोशिश