NEET Scam: नीट यूजी-2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने बुधवार को देश के अलग-अलग राज्यों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके साथ ही कई जगहों पर छापेमारी भी की गई.
तीन आरोपी जयपुर से गिरफ्तार
सीबीआई ने इस मामले में राजस्थान के जयपुर से तीन लोगों को पकड़ा है. इनके नाम मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल बताए गए हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार और हरियाणा के गुरुग्राम से यश यादव को गिरफ्तार किया गया है. सीबीआई की टीम इस मामले में कई अन्य संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
नासिक में आरोपी के घर छापा
सीबीआई ने नासिक के नांदगांव इलाके में आरोपी शुभम खैरनार के घर पर भी छापेमारी की. जांच टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घर की तलाशी ली और परिवार के लोगों से कई घंटे तक पूछताछ की. बताया जा रहा है कि शुभम को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था.
शिक्षा मंत्रालय की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
सीबीआई ने यह मामला शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से मिली शिकायत के आधार पर दर्ज किया है. शिकायत में नीट यूजी-2026 परीक्षा में अनियमितता और पेपर लीक के आरोप लगाए गए थे. एफआईआर में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार जैसी धाराएं लगाई गई हैं. इसके अलावा पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट 2024 के तहत भी केस दर्ज किया गया है.
कई जगहों पर चल रही छापेमारी
जांच एजेंसी ने देशभर में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कई जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं. सीबीआई इस मामले में राजस्थान एसओजी के साथ भी मिलकर काम कर रही है. एजेंसी तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के जरिए पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें- चीन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, कल होगी शी जिनपिंग से मुलाकात; इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा