दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश और ओलावृष्टि से मिली राहत; कई इलाकों में अलर्ट जारी

Delhi Weather: दिल्ली का मौसम एक बार फिर बदल गया है. राजधानी के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है. कई जगह तेज बिजली चमक रही है और गरज के साथ बारिश हो रही है. दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बारिश के साथ ओले भी गिरे.

Weather patterns changed in Delhi-NCR relief from heavy rain and hailstorm alert issued many areas
Image Source: ANI/ File

Delhi Weather: दिल्ली का मौसम एक बार फिर बदल गया है. राजधानी के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई है. कई जगह तेज बिजली चमक रही है और गरज के साथ बारिश हो रही है. दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बारिश के साथ ओले भी गिरे. वहीं तेज हवाओं की वजह से राजस्थान के कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें सामने आई हैं.

मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, बारिश और बिजली चमकने की संभावना थी.

तेज हवाओं का भी अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसका असर सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि यूपी, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भी देखने को मिल रहा है.

हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर, बहादुरगढ़, रोहतक, सोनीपत, रेवाड़ी और झज्जर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर प्रदेश के बागपत, मथुरा, बरसाना और आसपास के इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. राजस्थान के अलवर, भरतपुर, भिवाड़ी और तिजारा जैसे इलाकों में भी मौसम बदलने की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली में दिनभर बदलता रहा मौसम

बुधवार सुबह से ही दिल्ली में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं. हालांकि दोपहर के समय कुछ इलाकों में तेज धूप भी निकली. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है.

आने वाले दिनों में बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है. वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है.

मानसून को लेकर भी मौसम विभाग ने अपडेट दिया है. विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और 16 मई के आसपास इसके अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- चीन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, कल होगी शी जिनपिंग से मुलाकात; इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा