SECR Recruitment: रेलवे में अप्रेंटिस के 1191 पदों पर भर्ती, बिना परीक्षा होगा चयन, ऐसे करें आवेदन

रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वर्ष 2026 के लिए अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है.

SECR Application for recruitment to apprentice posts in Railways
Image Source: Social Media

SECR Recruitment: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने वर्ष 2026 के लिए अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1191 रिक्त पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. खास बात यह है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं होगी. उम्मीदवारों का चयन सीधे मेरिट के आधार पर किया जाएगा.

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थियों को निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन पूरा करना होगा. चयनित उम्मीदवारों को अलग-अलग ट्रेडों में एक वर्ष की अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी. यह भर्ती अप्रेंटिस एक्ट 1961 और अप्रेंटिसशिप नियमों के तहत आयोजित की जा रही है.

किन-किन ट्रेडों में निकली भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में पद जारी किए गए हैं. सबसे ज्यादा रिक्तियां COPA, फिटर, इलेक्ट्रिशियन और वायरमैन ट्रेड के लिए निर्धारित की गई हैं. इसके अलावा कारपेंटर, वेल्डर, पेंटर, RAC मैकेनिक, स्टेनोग्राफर, डीजल मैकेनिक सहित कई अन्य ट्रेडों में भी भर्ती की जाएगी. उम्मीदवार अपनी योग्यता और ITI ट्रेड के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.

शैक्षणिक योग्यता

भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है. साथ ही संबंधित ट्रेड में ITI प्रमाणपत्र भी होना चाहिए. आवेदन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को केवल 10वीं और ITI से जुड़ी जानकारी ही दर्ज करनी होगी.

भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार यदि कोई उम्मीदवार आवेदन में अन्य उच्च शैक्षणिक योग्यता दर्ज करता है तो उसका आवेदन निरस्त किया जा सकता है. इसलिए आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरना जरूरी है.

आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष तय की गई है. आयु की गणना 11 जून 2026 को आधार मानकर की जाएगी. वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा.

बिना परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू से नहीं गुजरना होगा. चयन पूरी तरह मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा. मेरिट लिस्ट 10वीं और ITI में प्राप्त अंकों के औसत प्रतिशत के आधार पर तैयार की जाएगी. दोनों परीक्षाओं को समान वेटेज दिया जाएगा.

यानी जिन उम्मीदवारों के 10वीं और ITI में अच्छे अंक होंगे, उनके चयन की संभावना ज्यादा रहेगी.

ट्रेनिंग और स्टाइपेंड

चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी. प्रशिक्षण अवधि के दौरान उम्मीदवारों को राज्य सरकार के तय नियमों के अनुसार स्टाइपेंड भी दिया जाएगा. हालांकि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद स्थायी नौकरी मिलने की कोई गारंटी नहीं होगी.

ऐसे करें आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले अप्रेंटिसशिप इंडिया के आधिकारिक पोर्टल www.apprenticeshipindia.gov.in पर रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरना होगा.

फॉर्म भरते समय जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रखना चाहिए.

ये भी पढ़ें- अब 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में होगा SIR, चुनाव आयोग ने जारी किया आदेश; लिस्ट देखें