अब 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में होगा SIR, चुनाव आयोग ने जारी किया आदेश; लिस्ट देखें

भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की शुरुआत की घोषणा की है.

Election Commission Directed The Conduct Of The SIR In 16 States 3 Ut
Image Source: Social Media

SIR in India: भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की शुरुआत की घोषणा की है. इस अभियान का उद्देश्य वोटर लिस्ट को अपडेट करना, नए मतदाताओं के नाम जोड़ना और किसी भी तरह की त्रुटियों को सुधारना है.

निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस बार प्रक्रिया को और अधिक सरल और तेज़ बनाने के लिए सत्यापन का काम उन्हीं फील्ड स्टाफ को सौंपा गया है, जो पहले जनगणना के लिए घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा कर रहे थे. इससे मतदाताओं को बार-बार दस्तावेज दिखाने की परेशानी नहीं होगी और काम तेजी से पूरा किया जा सकेगा.

कौन शामिल नहीं है और क्यों

आयोग ने यह भी साफ किया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख इस चरण में शामिल नहीं किए गए हैं. इन क्षेत्रों में बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण घर-घर जाकर डेटा इकट्ठा करना फिलहाल संभव नहीं है. जैसे ही मौसम सामान्य होगा, इन राज्यों में भी अभियान शुरू किया जाएगा.

सत्यापन में लगे अधिकारी

इस अभियान में कुल 7.36 लाख फील्ड अधिकारी काम करेंगे, जिनमें लगभग 3.94 लाख बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) और 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) शामिल हैं. ये अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे. तीसरे चरण में लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का डेटा सत्यापित किया जाएगा.

राजनीतिक दलों को भी अपील

निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे हर बूथ पर अपने एजेंट नियुक्त करें, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे और किसी भी विवाद की स्थिति पैदा न हो.

पहले दो चरणों का आंकड़ा

SIR के पहले और दूसरे चरण में 13 राज्यों में करीब 59 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है. उस दौरान लगभग 6.3 लाख BLO और 9.2 लाख BLA सक्रिय रहे थे. तीसरे चरण का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाए.

मतदाता कैसे करें सुधार

आयोग ने कहा है कि अगर किसी मतदाता के नाम, उम्र, पता या अन्य जानकारी में कोई गलती है, तो वह अपने नजदीकी बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, अपने मतदान केंद्र पर जाकर भी जानकारी की पुष्टि और आवश्यक सुधार करवा सकते हैं.

निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि पूरे देश में मतदाता सूची सटीक और अद्यतन रहे, जिससे प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूर्ण भागीदारी का अवसर मिल सके.

ये भी पढ़ें- हमारी आपस में खूब बनती है... शी-जिनपिंग से मिलकर बोले ट्रंप, जानिए चीनी राष्ट्रपति ने क्या कहा?