Mohammad Rizwan ICC ACU: मोहम्मद रिजवान की मुश्किलें फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रही हैं. पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अब इस मामले में ICC की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) से संपर्क किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, रिजवान ने NCCIA की जांच के दौरान जब्त किए गए अपने मोबाइल फोन को लेकर ICC से कई सवाल पूछे हैं.
यह मामला पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे के दौरान ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक होने और कथित वित्तीय लेनदेन की जांच से जुड़ा है. इसी सिलसिले में रिजवान और इमाम उल हक से NCCIA ने पूछताछ की थी और दोनों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच की जा रही है.
रिजवान ने ICC से क्या पूछा?
रिपोर्ट के मुताबिक, रिजवान ने ICC ACU के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए संपर्क किया है. उन्होंने जानना चाहा कि इंग्लैंड में उनका मोबाइल फोन जब्त किए जाने, उसे ब्रिटेन से पाकिस्तान भेजे जाने और बाद में उसकी फोरेंसिक जांच की जानकारी ICC या इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की एंटी करप्शन अथॉरिटीज को थी या नहीं.
रिजवान ने यह भी पूछा कि जिस तरीके से उनका फोन लिया गया और उसकी जांच की गई, क्या वह ICC के एंटी करप्शन कोड के तहत तय प्रक्रिया के मुताबिक था. इसके अलावा उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि अगर भविष्य में एंटी करप्शन अधिकारी उनसे संपर्क करते हैं तो उन्हें किस प्रक्रिया का पालन करना चाहिए. रिपोर्ट के अनुसार, रिजवान ने यह सवाल किसी के खिलाफ शिकायत के तौर पर नहीं, बल्कि प्रक्रिया को समझने के लिए उठाए हैं.
आखिर पूरा मामला क्या है?
पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे के दौरान टीम के ड्रेसिंग रूम से जुड़ी कुछ जानकारी बाहर आने के बाद मामला सामने आया. इसके बाद पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने जांच शुरू की. रिजवान और इमाम उल हक को लाहौर में एजेंसी के सामने पेश होना पड़ा था.
जांच में दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन से मिले मैसेज, कॉन्टैक्ट्स और दूसरे डिजिटल डेटा की जांच की जा रही है. इसके साथ ही कथित वित्तीय लेनदेन और दूसरे पैसों से जुड़े मामलों को भी देखा जा रहा है.
इमाम उल हक भी जांच के घेरे में
इस मामले में सिर्फ रिजवान ही नहीं हैं. इमाम उल हक से भी NCCIA ने पूछताछ की है. एजेंसी की जांच में कथित ड्रेसिंग रूम लीक के साथ खिलाड़ियों के संपर्क और इंग्लैंड दौरे से जुड़ी गतिविधियों को भी देखा जा रहा है. हालांकि, इमाम को लेकर सामने आए अलग-अलग आरोपों पर अभी कोई अंतिम आधिकारिक निष्कर्ष नहीं आया है. दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ जांच अभी जारी है.
रिजवान और इमाम के फोन में क्या मिला?
यह इस मामले का अहम हिस्सा है. शुरुआती फोरेंसिक जांच में रिजवान और इमाम के मोबाइल फोन से कोई बड़ी या महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने नहीं आई है. हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है. दोनों फोन की आगे भी जांच की जा रही है और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी खंगाली जा रही है.
लाहौर हाई कोर्ट से भी नहीं मिली राहत
रिजवान ने NCCIA के समन को चुनौती देते हुए लाहौर हाई कोर्ट का रुख किया था. कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी. इसके बाद रिजवान ने NCCIA को लिखित जवाब भेजकर सवाल किया कि उन्हें जांच के लिए क्यों बुलाया गया और उनका मोबाइल फोन अब तक वापस क्यों नहीं किया गया. अब रिजवान ने ICC ACU से फोन जब्ती और उसकी जांच की प्रक्रिया को लेकर अलग से जानकारी मांगी है.
फिलहाल NCCIA की जांच जारी है और PCB आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर करने की बात कह चुका है. सबसे अहम बात यह है कि रिजवान या इमाम के खिलाफ मैच फिक्सिंग को लेकर कोई अंतिम आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है. फिलहाल मामला जांच के स्तर पर है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान से मिला धोखा, तो अब ट्रंप के दरबार में पहुंचा सऊदी अरब, ट्रंप देंगे ये घातक हथियार