LCA Mk 1a Delivery: हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को उम्मीद है कि वह इस साल के आखिर तक भारतीय वायुसेना को LCA Mk-1A लड़ाकू विमान देना शुरू कर देगा. HAL फिलहाल रडार और हथियारों को विमान में जोड़ने से जुड़े आखिरी काम पूरे करने में जुटा है. HAL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर रवि के ने बताया कि कुछ तकनीकी दिक्कतें अभी बाकी हैं, जिन्हें जल्द दूर करने की कोशिश की जा रही है.
रवि के के मुताबिक, रडार से जुड़ी कुछ समस्याओं को ठीक किया जा रहा है और हथियारों की फाइनल इंटीग्रेशन टेस्टिंग भी बाकी है. उनका कहना है कि इन कामों को करीब एक महीने में पूरा करने की उम्मीद है. इसके बाद विमान को डिलीवरी के लिए तैयार किया जा सकेगा.
दिसंबर से शुरू हो सकती है डिलीवरी
LCA Mk-1A भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की कमी को दूर करने की योजना का अहम हिस्सा है. वायुसेना ने HAL से कुल 180 Mk-1A विमानों का ऑर्डर दिया है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये है. इनमें 83 विमानों का पहला कॉन्ट्रैक्ट फरवरी 2021 में हुआ था, जबकि 97 विमानों के लिए दूसरा कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2025 में किया गया था. मौजूदा जानकारी के मुताबिक, डिलीवरी पहले 83 विमानों वाले ऑर्डर से शुरू होगी और दिसंबर में इसकी शुरुआत होने की उम्मीद है.
HAL की योजना वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 10 LCA Mk-1A विमान वायुसेना को देने की है. रवि के ने बताया कि HAL को GE Aerospace से 10 इंजन मिल चुके हैं और 27 LCA Mk-1A एयरफ्रेम तैयार हैं. ऐसे में कंपनी 10 विमानों की डिलीवरी करने की स्थिति में है.
इस प्रोग्राम में इंजन की सप्लाई पहले बड़ी चुनौती रही है. GE Aerospace के F404 इंजन की सप्लाई में देरी और कुछ टेस्टिंग से जुड़े कामों के कारण विमान की डिलीवरी तय समय से पीछे हुई. अब HAL का कहना है कि इंजन की सप्लाई बेहतर हो रही है और बाकी तकनीकी काम पूरे किए जा रहे हैं.
क्या है LCA Mk-1A की खासियत?
LCA Mk-1A को भारतीय वायुसेना की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें AESA रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और कई तरह के हथियारों को इस्तेमाल करने की क्षमता है. विमान में हवा में ही ईंधन भरने की सुविधा भी दी गई है, जिससे इसकी ऑपरेशनल क्षमता बढ़ती है.
HAL के मुताबिक LCA Mk-1A की अधिकतम रफ्तार करीब 1.6 मैक है. इसमें F404 इंजन लगाया गया है. विमान को हवा से हवा और हवा से जमीन पर हमला करने वाले अलग-अलग हथियारों के इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान को ट्रंप ने दिखाया ठेंगा! ईरान को लेकर अमेरिका करने जा रहा कुछ बड़ा, मिडिल ईस्ट में हलचल तेज