विश्वकर्मा पूजा और अपने 76वें जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता से जुड़ा बड़ा कदम उठाया. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त जारी की. इसके तहत करीब 1.5 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये की राशि पहुंचाई जा रही है. पीएम ने कहा कि बंगाल की माताओं-बहनों का विश्वास और अपनापन उनके लिए बड़ी ताकत है.
अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त जारी
प्रधानमंत्री ने अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त जारी करते हुए घोषणा की कि राज्य की लगभग 1.5 करोड़ बहनों के बैंक खातों में 3,000 रुपये की राशि सीधे (DBT के माध्यम से) सफलतापूर्वक ट्रांसफर की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह निश्चित मासिक वित्तीय सहायता महिलाओं को घर के आवश्यक खर्चों, दवाओं, बच्चों की शिक्षा और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में आत्मनिर्भर बनाएगी और उनके भीतर नया आत्मविश्वास और निर्णय लेने का साहस जगाएगी.
महिलाओं के साथ गरीब परिवारों पर भी फोकस
पीएम मोदी ने कहा कि नई सरकार के कार्यभार संभालते ही बिना किसी भ्रष्टाचार के सीधे बैंक खातों में पारदर्शी तरीके से मदद पहुंचाने का काम शुरू किया गया. सरकार का लक्ष्य है कि राज्य की एक भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे. उन्होंने महिला सशक्तिकरण को रेखांकित करते हुए कहा कि बचपन से मातृत्व तक की हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है. इसमें मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला गैस, हर घर नल से जल, आयुष्मान कार्ड और पीएम आवास में महिलाओं को संयुक्त मालिकाना हक जैसे कदम शामिल हैं. राज्य में 50 लाख से अधिक नए चिन्हित गरीब परिवारों को पीएम आवास योजना के तहत स्थायी घर देने की बात भी पीएम ने कही. साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए स्थानीय कौशल को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है.
विकसित बंगाल से विकसित भारत का संकल्प
क्षेत्रीय प्रगति को राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ते हुए, प्रधानमंत्री ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय महिलाएं एक विकसित भारत की दिशा में विकास यात्रा को गति देना जारी रखेंगी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश का व्यापक संकल्प एक विकसित राज्य की क्षमताओं से मौलिक रूप से मजबूत होता है. श्री मोदी ने जोर देकर कहा, “एक विकसित बंगाल की ताकत से विकसित भारत का संकल्प और भी मजबूत होगा.”
ये भी पढ़ें: 'मेरे दोस्त को...', पीएम मोदी के जन्मदिन पर जॉर्जिया मेलोनी ने किया बर्थडे विश, जानें क्या कहा