‘वैश्विक मंच पर आपका बड़ा रुतबा...’, PM मोदी के बर्थडे पर आया दोस्त पुतिन का खास संदेश

PM Modi Birthday: PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भेजा खास संदेश. भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी में उनके योगदान की सराहना करते हुए पुतिन ने कहा कि वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा सम्मान और रुतबा है.

putin-birthday-message-pm-modi-india-russia-strategic-partnership
Image Source: ANI

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से भी खास संदेश आया है. भारत में रूसी दूतावास ने पुतिन का बधाई संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता का उल्लेख किया. रूसी राष्ट्रपति ने भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान की भी सराहना की.

पुतिन ने मोदी को बताया दूरदर्शी नेता

अपने संदेश में व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के लोगों का गहरा सम्मान हासिल है और वैश्विक मंच पर भी उनका महत्वपूर्ण स्थान है. उन्होंने भारत-रूस संबंधों को विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी बताते हुए कहा कि इसे मजबूत करने में पीएम मोदी के व्यक्तिगत योगदान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है. रूसी राष्ट्रपति ने दोनों देशों के बीच लगातार जारी बातचीत और सहयोग का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करना उनके लिए हमेशा खुशी की बात होती है. पुतिन के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चाओं ने एक बार फिर मोदी की राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को सामने रखा.

दिल्ली यात्रा और स्वागत का भी किया जिक्र

पुतिन ने अपने संदेश में अपनी हालिया नई दिल्ली यात्रा को भी याद किया. उन्होंने भारत में रूसी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए आभार जताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत ठोस, खुली और सार्थक रही. रूसी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि भारत और रूस दोनों देशों के हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे.

76 साल के हुए PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था. 17 सितंबर 2026 को वह अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं. इसी वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया जा रहा है. पीएम मोदी ने जन्मदिन पर मिल रहे स्नेह और शुभकामनाओं के लिए लोगों का आभार जताया है. उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ को विशेष भावनात्मक जुड़ाव वाला प्रयास बताया और कहा कि हर आशीर्वाद उन्हें देश की सेवा और अधिक समर्पण के साथ करने का संकल्प मजबूत करता है.

देशभर में सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर देशभर में अलग-अलग सामाजिक और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान की शुरुआत भी इसी दिन से हो रही है. इस वर्ष इसका विषय ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखा गया है. इसके अलावा जन्मदिन के मौके पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. विभिन्न राज्यों में रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता और अन्य सामाजिक गतिविधियों के जरिए जनभागीदारी पर जोर दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर आयोजित कार्यक्रमों का सिलसिला 17 अक्टूबर तक चलने की योजना है. इस दौरान सेवा और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें- ‘आप श्रीकृष्ण, मैं सुदामा...’ PM मोदी के जन्मदिन पर दोस्त ने याद किया बचपन, लिखे- दृढ़ निश्चयी थे नरेंद्र भाई