Kal Ka Mausam 18 September: मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 सितंबर के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है. बिहार और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि कई इलाकों में आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है.
बिहार और ओडिशा में भारी बारिश
IMD के अनुसार 18 सितंबर को बिहार और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. बिहार के लिए भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. ओडिशा में भी 18 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है और अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
राजस्थान से बंगाल तक बदलेगा मौसम
पूर्वी राजस्थान के साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी स्थिति बन सकती है, खासकर उन इलाकों में जहां कम समय में तेज बारिश होती है.
तमिलनाडु और अंडमान में तेज हवाओं का असर
दक्षिण भारत और द्वीपीय क्षेत्रों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल के साथ अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
कई राज्यों में 30-40 kmph की हवाएं
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना है. केरल और माहे के कुछ इलाकों में मौसम गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान भी जताया गया है. दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर के आसपास 18 सितंबर को सामान्य तौर पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है.
समुद्र में तूफानी हवाएं
समुद्री इलाकों में भी मौसम शांत नहीं रहेगा. IMD के समुद्री पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर सोमालिया तट और उससे सटे अरब सागर के हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं बंगाल की खाड़ी, दक्षिणी श्रीलंका तट और अंडमान सागर के आसपास भी तेज हवाओं का दौर रहने की संभावना है. अंडमान सागर के आसपास बन रही मौसमी प्रणाली आगे चलकर निम्न दबाव क्षेत्र का रूप ले सकती है, इसलिए समुद्री गतिविधियों से जुड़े लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: 'मेरे दोस्त को...', पीएम मोदी के जन्मदिन पर जॉर्जिया मेलोनी ने किया बर्थडे विश, जानें क्या कहा