PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर दुनियाभर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य व खुशहाल जीवन की कामना की. नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनाने का श्रेय उनके नेतृत्व को दिया.
नेतन्याहू ने भारत-इजरायल दोस्ती का किया जिक्र
नेतन्याहू ने भारत और इजरायल के रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा, 'हम दोनों ने मिलकर अपने इन दो बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच एक अनोखी और मजबूत साझेदारी बनाई है. इजरायल और भारत की दोस्ती आज जितनी मजबूत है, उतनी पहले कभी नहीं रही. हम दोनों मिलकर इस रिश्ते को और भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे.' भारत और इजरायल ने फरवरी 2026 में अपने संबंधों को 'स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस, इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी' के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की थी.
इजरायल के पूर्व राजदूत ने भी दी बधाई
पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए भारत में इजरायल के पूर्व राजदूत डैनियल कारमोन ने एक्स पर लिखा, 'पीएम नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की मेरी व्यक्तिगत शुभकामनाएं, जो एक अत्यंत सम्मानित विश्व नेता, भारत के सपूत और इजरायल के मित्र हैं.' इस तरह इजरायल की ओर से पीएम मोदी के जन्मदिन पर कई शुभकामना संदेश सामने आए हैं.
पुतिन समेत दुनियाभर के नेताओं ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री मोदी को 76वें जन्मदिन पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई वैश्विक नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं. पुतिन ने पीएम मोदी के भारत में सम्मान और वैश्विक मंच पर उनके प्रभाव का जिक्र करते हुए भारत-रूस संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने दिल्ली यात्रा के दौरान मिले स्वागत के लिए भी पीएम मोदी का आभार जताया.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के जन्मदिन पर काशी में जश्न, बाबा विश्वनाथ के दरबार में योगी-राजनाथ ने काटा केक, नायडू-चिराग रहे मौजूद