PM मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’, दिल्ली से कोलकाता तक दिखा खास नजारा

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में उत्सव और शुभकामनाओं का सिलसिला देखने को मिला. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से इस मौके पर राष्ट्रव्यापी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया गया.

pm-modi-birthday-aashirwad-ka-diya-campaign-across-india
Image Source: Social Media

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देश के अलग-अलग हिस्सों में उत्सव और शुभकामनाओं का सिलसिला देखने को मिला. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से इस मौके पर राष्ट्रव्यापी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान चलाया गया. अभियान के तहत कई राज्यों में बड़ी संख्या में दीये जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दी गईं.

1.25 लाख दीयों से रोशन हुआ कर्तव्य पथ

राजधानी दिल्ली में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत विशेष आयोजन किया गया. शाम 7 बजे कर्तव्य पथ, सेवा तीर्थ और नई संसद के आसपास करीब 1.25 लाख दीये जलाए गए. विजय चौक पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में दीपों की रोशनी ने पूरे क्षेत्र को खास बना दिया.

कोलकाता में एक लाख मिट्टी के दीयों से आयोजन

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. बाजा कदमतला घाट पर आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए. इस दौरान घाट पर करीब एक लाख मिट्टी के दीये जलाए गए. बड़ी संख्या में जलते दीयों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद व्यक्त किया गया.

लखनऊ में योगी सरकार के मंत्री भी हुए शामिल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई लोग मौजूद रहे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर दीया जलाकर उनके लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं. आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया.

वाराणसी में खिलाड़ियों ने जलाया दीया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी उनके जन्मदिन पर विशेष आयोजन हुआ. डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में खिलाड़ियों ने दीये जलाकर प्रधानमंत्री का सम्मान किया. इस मौके पर वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी और आरएसओ नवीन कुमार सिंह मौजूद रहे. वहीं, गंगा घाटों पर भी विशेष आरती का आयोजन किया गया.

उत्तराखंड और त्रिपुरा में भी हुए आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कालसी में आरती की. वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. देश के विभिन्न हिस्सों में हुए इन आयोजनों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर उनके लिए शुभकामनाएं व्यक्त की गईं.

ये भी पढ़ें: 'मेरे दोस्त को...', पीएम मोदी के जन्मदिन पर जॉर्जिया मेलोनी ने किया बर्थडे विश, जानें क्या कहा