राजस्थान में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, बिजली विभाग में बंपर पदों पर वैकेंसी, आवेदन प्रक्रिया स्टार्ट

राज्य की बिजली कंपनियों में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत इंजीनियरिंग, कॉमर्स और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर मिलेगा.

rajasthan-power-companies-2005-recruitment-apply-online-2026-notification
AI Generated

RVUNL Vacancy 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका सामने आया है. राज्य की बिजली कंपनियों में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत इंजीनियरिंग, कॉमर्स और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर मिलेगा. राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RVUNL) ने संयुक्त भर्ती अभियान के तहत 2005 पदों पर नियुक्ति के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और योग्य अभ्यर्थी 25 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

पांच बिजली कंपनियों में होगी नियुक्ति

इस भर्ती अभियान के जरिए राजस्थान की पांच प्रमुख बिजली कंपनियों में नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड शामिल हैं. भर्ती का उद्देश्य विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति कर बिजली सेवाओं को और मजबूत बनाना है.

2005 पदों पर निकली बंपर वैकेंसी

इस संयुक्त भर्ती में कुल 2005 रिक्त पद भरे जाएंगे. इनमें सबसे अधिक 765 पद जूनियर असिस्टेंट-कमर्शियल असिस्टेंट-II के लिए निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा जूनियर इंजीनियर-I (इलेक्ट्रिकल) के 727, जूनियर इंजीनियर-I (मैकेनिकल) के 110, जूनियर इंजीनियर-I (सिविल) के 32 और जूनियर अकाउंटेंट के 371 पदों पर भर्ती की जाएगी. अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर मानी जा रही है.

आवेदन की तारीख और जरूरी योग्यता

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू होकर 25 अगस्त 2026 तक चलेगी. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी यही रहेगी, जबकि परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी और एडमिट कार्ड परीक्षा से पहले जारी होंगे. जूनियर इंजीनियर पद के लिए संबंधित शाखा में बीई या बीटेक की डिग्री अनिवार्य है. जूनियर अकाउंटेंट के लिए बीकॉम या समकक्ष डिग्री मांगी गई है, जबकि जूनियर असिस्टेंट-कमर्शियल असिस्टेंट-II पद के लिए 12वीं पास होने के साथ मान्यता प्राप्त कंप्यूटर योग्यता प्रमाण पत्र होना आवश्यक होगा.

आयु सीमा और आवेदन शुल्क

भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है. राजस्थान सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी. आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा. आवेदन शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा.

चयनित उम्मीदवारों को मिलेगा आकर्षक वेतन

चयनित अभ्यर्थियों को राजस्थान सरकार के वेतनमान के अनुसार आकर्षक सैलरी दी जाएगी. जूनियर इंजीनियर और जूनियर अकाउंटेंट पद पर नियुक्त उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत 33,800 रुपये का मूल वेतन मिलेगा, जबकि प्रोबेशन अवधि में 27,700 रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा. वहीं जूनियर असिस्टेंट-कमर्शियल असिस्टेंट-II पद के लिए पे मैट्रिक्स लेवल-5 के तहत 20,800 रुपये मूल वेतन निर्धारित है और प्रशिक्षण अवधि में 14,600 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. 

ऐसे करें आवेदन 

  • उम्मीदवार  राजस्थान ऊर्जा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट energy.rajasthan.gov.in पर जाएं.
  • इसके बाद होम पेज पर न्यू रिक्रूटमेंट पर क्‍ल‍िक करें. 
  • अब अपने नंबर से रजिस्ट्रेशन करें. 
  • रजिस्ट्रेशन करने के बाद लॉगिन कर एप्लीकेशन फॉर्म भरें.
  • अब शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, फोटो सिग्नेचर और दूसरे जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. 
  • लास्ट में फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लें.

ये भी पढ़ें: MPESB Group 2 Recruitment 2026: पटवारी समेत कई पदों पर आवेदन शुरू, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई