MPESB Group 2 Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (MPESB) ने ग्रुप-2, सब ग्रुप-4 के तहत पटवारी सहित विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. 4 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 तय की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है.
योग्यता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक होना अनिवार्य है. इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास MP CPCT परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण भी होना चाहिए. आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी. आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी. आवेदन शुल्क सामान्य और अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए 560 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 310 रुपये का शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. उम्मीदवारों को सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ग्रुप-2 सब ग्रुप-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करना होगा. इसके बाद नए अभ्यर्थियों को पहले पंजीकरण करना होगा और फिर लॉगिन करके अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी. सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा. आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना जरूरी होगा, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके.
सितंबर से शुरू होगी परीक्षा
एमपीईएसबी ने भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है. परीक्षा 29 सितंबर 2026 से शुरू होगी और इसे दो अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित किया जाएगा. पहली पाली सुबह 9:50 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:50 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. पहली शिफ्ट के उम्मीदवारों को सुबह 8 से 9 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा, जबकि दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों पर लगातार नजर बनाए रखें ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: बिना CET सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! इस यूनिवर्सिटी में निकली रेगुलर भर्ती, 1 लाख से ज्यादा होगी सैलरी