PM Modi Rojgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. देशभर के 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान पीएम मोदी दोपहर साढ़े 12 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करेंगे.
इन रोजगार मेलों के जरिए अब तक करीब 12 लाख 75 हजार युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं. आज भी विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे.
युवाओं को रोजगार देने पर सरकार का जोर
सरकार का कहना है कि युवाओं के लिए रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर तैयार करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है. रोजगार मेला इसी दिशा में एक प्लेटफॉर्म है, जहां चयनित युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलता है. सरकार के मुताबिक, इससे युवाओं को देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का मौका भी मिलेगा.
युवाओं को किन विभागों में मिली है नौकरी?
आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, उनका चयन राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत कई सरकारी विभागों में हुआ है.
सरकार की ओर से आगे भी रोजगार मेलों का आयोजन जारी रखने की बात कही गई है, ताकि युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलते रहें और उन्हें सरकारी सेवाओं में शामिल होने का मौका मिल सके.
ये भी पढ़ेें- AI की गलती, चीनी जहाज पर अमेरिकी हमले की प्लानिंग... US और ड्रैगन के बीच भीषण युद्ध कैसे टला?