होली को लेकर रेलवे की बड़ी तैयारी, 300 से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने की प्लानिंग; यात्रियों को मिलेगी राहत

Holi Special Train: रंगों का त्योहार होली नजदीक है. जैसे-जैसे त्योहार पास आ रहा है, दिल्ली-एनसीआर से बिहार, यूपी और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ बढ़ने लगी है. ज्यादातर नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है. 

Railways is making major preparations for Holi, planning to run over 300 special trains passengers
Image Source: ANI/ File

Holi Special Train: रंगों का त्योहार होली नजदीक है. जैसे-जैसे त्योहार पास आ रहा है, दिल्ली-एनसीआर से बिहार, यूपी और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ बढ़ने लगी है. ज्यादातर नियमित ट्रेनों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं और वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है. 

यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उत्तरी रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. इस बार होली के मौके पर 300 से ज्यादा विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें.

28 फरवरी से बढ़ेगी भीड़

इस साल 4 मार्च को होली मनाई जाएगी. अनुमान है कि 28 फरवरी से ही बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों की ओर रवाना होना शुरू कर देंगे. भीड़ को संभालने के लिए उत्तर रेलवे ने अलग-अलग स्टेशनों से करीब 300 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की है. इनमें से कई ट्रेनें आनंद विहार, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चलाई जाएंगी. इससे पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को खास राहत मिलेगी.

पिछले साल से ज्यादा ट्रेनें

पिछले साल होली पर करीब 250 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं. इस बार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों की संख्या लगभग 20 प्रतिशत बढ़ाई गई है. अभी तक करीब 100 ट्रेनों की घोषणा हो चुकी है. बाकी ट्रेनों की जानकारी अगले सप्ताह जारी की जाएगी. रेलवे ने कहा है कि अगर किसी रूट पर ज्यादा भीड़ हुई तो वहां जरूरत के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.

सुरक्षा और स्वास्थ्य की तैयारी

पिछले साल फरवरी में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को ध्यान में रखते हुए इस बार खास सतर्कता बरती जा रही है. दिल्ली के तीनों बड़े स्टेशनों पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी. किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक इलाज मिल सकेगा. इसके अलावा रेलवे अस्पताल में 30 बेड इस दौरान रिजर्व रखे जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज दिया जा सके.

यात्रियों को मिलेगी राहत

रेलवे की इस तैयारी से त्योहार के समय घर जाने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अतिरिक्त ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट कम होगी और भीड़ भी नियंत्रित रहेगी. इससे यात्रियों का सफर ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक बनने की संभावना है.

ये भी पढ़ें- Rashifal: इन 5 राशियों का गोल्डन टाइम शुरू, करियर में तरक्की के द्वार खुलेंगे, जानें आज का राशिफल