भारत-फ्रांस साथ मिलकर बनाएगा माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ने वाला हेलिकॉप्टर... पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

India-France Deal: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फ्रांस भारत के सबसे पुराने स्ट्रैटजिक पार्टनर्स में से एक है. उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को एक मजबूत और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं.

India-France jointly build H-125 helicopter that can fly to the height of Mount Everest PM Modi
Image Source: Social Media

India-France Deal: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि फ्रांस भारत के सबसे पुराने स्ट्रैटजिक पार्टनर्स में से एक है. उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को एक मजबूत और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं. यह साझेदारी दुनिया में स्थिरता और प्रगति को बढ़ावा देने वाली है. पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर इस रिश्ते को नई गहराई और ऊर्जा दी गई है.

भारत में बनेगा H-125 हेलीकॉप्टर

पीएम मोदी ने H-125 हेलीकॉप्टर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर दुनिया का पहला ऐसा हेलीकॉप्टर बनाएंगे, जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकेगा. यह हेलीकॉप्टर भारत में बनाया जाएगा और इसे दुनिया भर में एक्सपोर्ट किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच सहयोग की कोई सीमा नहीं है. हाल ही में भारत ने यूरोपीय संघ के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया है, जिससे भारत-फ्रांस संबंधों को भी नई गति मिलेगी.

इनोवेशन में सहयोग पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि इनोवेशन अकेले नहीं, बल्कि सहयोग से आगे बढ़ता है. दोनों देश उद्योग, स्टार्टअप और रिसर्च के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे. छात्रों और रिसर्चर्स के आदान-प्रदान को और आसान बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में इंटरनेशनल सोलर एलायंस और IMEC जैसे प्रयासों के जरिए समृद्धि और स्थिरता को बढ़ावा दिया जाएगा.

आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता

पीएम मोदी ने यूक्रेन, पश्चिम एशिया और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और फ्रांस हर क्षेत्र में शांति के प्रयासों का समर्थन करते रहेंगे. आतंकवाद के हर रूप को जड़ से खत्म करना दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता है. उन्होंने बताया कि जल्द ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद कल्चरल सेंटर खोला जाएगा. 

साथ ही हेल्थ में एआई, डिजिटल साइंस एंड टेक्नोलॉजी और एयरोनॉटिक्स में स्किलिंग के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लॉन्च किए जाएंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस की साझेदारी भविष्य निर्माण का मजबूत आधार है और यह वैश्विक स्थिरता के लिए एक अहम ताकत बनकर उभर रही है.

ये भी पढ़ें- फ्रांस सबसे पुराने स्ट्रैटेजिक पार्टनर्स में से एक... इमैनुएल मैक्रों के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले पीएम मोदी