वॉशिंगटन: यूक्रेन युद्ध के साये में अमेरिका और रूस के दो ताकतवर नेताओं की ऐतिहासिक मुलाकात होने जा रही है. यह सिर्फ एक कूटनीतिक बैठक नहीं है, बल्कि वह क्षण है जिस पर दुनिया की सांसें अटकी हुई हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को आमने-सामने बैठने जा रहे हैं और यह मुलाकात होगी अमेरिका के सबसे बर्फीले और सबसे सुरक्षित सैन्य अड्डे, एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन में.
ये सिर्फ एक जगह नहीं, एक ‘सैन्य दुर्ग’ है जहां ताकत, रणनीति, और इतिहास एक साथ जमा हैं.
अलास्का 32,000 से ज्यादा सैनिक तैनात
अमेरिका के उत्तरी छोर पर स्थित अलास्का का यह बेस किसी आम सैन्य केंद्र जैसा नहीं है. 32,000 से ज्यादा सैनिक, उनके परिवार और एक विशाल रक्षा ढांचा इसे एक चलते-फिरते सैन्य शहर में बदल देता है.
एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन अड्डा अमेरिका की वायुसेना, थलसेना, नौसेना, मरीन कॉर्प्स, नेशनल गार्ड और रिजर्व बलों का एक साझा अड्डा है. यह वो जगह है जहां से अमेरिका, खासकर रूस और एशिया की तरफ से आने वाले किसी भी संभावित खतरे पर सीधा और तत्काल हमला बोल सकता है.
लेकिन ट्रंप और पुतिन की मुलाकात के लिए इस स्थान को चुनने के पीछे सिर्फ सुरक्षा कारण नहीं हैं, बल्कि एक सियासी संदेश भी छुपा है.
कूटनीतिक मुलाकात: क्यों खास है एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन?
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस शुरुआत में किसी रूसी नेता को अमेरिकी सैन्य बेस पर देखना नहीं चाहता था. यह फैसला आसान नहीं था. लेकिन मौजूदा हालात, सुरक्षा जोखिम और वैश्विक निगरानी को देखते हुए कोई और विकल्प नहीं बचा.
इस बैठक के लिए जरूरी कड़ी सुरक्षा, तकनीकी बंदोबस्त और सैन्य गोपनीयता के लिहाज़ से एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन एकमात्र उपयुक्त जगह साबित हुई. यह सैन्य अड्डा अपने आप में एक किला है, जिसे बाहरी दुनिया से पूरी तरह से काटा जा सकता है. यही वजह है कि इस ‘जमीन से कटे हुए, पर रणनीतिक रूप से केंद्र में बसे’ अड्डे को चुना गया.
शीत युद्ध का गवाह, नई सदी का गवाह बनने को तैयार
एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन अड्डा सिर्फ आज का सैन्य ठिकाना नहीं है. यह शीत युद्ध की सरगर्मियों का प्रत्यक्ष साक्षी रहा है. लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस के अनुसार, सोवियत संघ के समय में यह बेस अमेरिका की नॉर्थ डिफेंस लाइन का हिस्सा था.
यहां से रूसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती थी और अगर कभी ज़रूरत पड़ती, तो यहां से सीधे जवाब देने की योजना होती. और अब, जब रूस खुद युद्ध में उलझा है और अमेरिकी राष्ट्रपति उसी देश के प्रमुख से मिलने जा रहे हैं, तो वही पुराना सैन्य गवाह फिर से इतिहास बनते देखने को तैयार है.
शांत वादियों में गूंजेगी युद्ध और शांति की बातचीत
इस सैन्य अड्डे की लोकेशन भी अपने आप में अनूठी है. अलास्का का सबसे बड़ा शहर एंकोरेज इसके नजदीक है. यहां की बर्फीली वादियों में ग्रिजली भालू, मूस और जंगली भेड़ियों की भरमार है. लेकिन इन शांत और खूबसूरत पहाड़ियों के बीच शुक्रवार को वह आवाज़ें गूंजेंगी, जो दुनिया के भविष्य को आकार देंगी.
डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की यह मुलाकात सिर्फ एक मीटिंग नहीं, बल्कि यूक्रेन युद्ध, वैश्विक तेल नीति, और अमेरिका-रूस संबंधों की दशा-दिशा तय करने वाला युद्ध और शांति का संगम बन सकती है.
इतिहास की परछाई में भविष्य की बात
यह भी जानना दिलचस्प है कि एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन पहले भी एक ऐतिहासिक मुलाकात का गवाह बन चुका है. वर्ष 1971 में अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और जापान के सम्राट हिरोहितो की बातचीत यहीं हुई थी.
उस समय भी यह मुलाकात अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक संदेश देने के लिए की गई थी कि मजबूत राष्ट्र जब कूटनीति की मेज पर बैठते हैं, तो युद्ध से ज़्यादा स्थायी समाधान निकलते हैं.
ये भी पढ़ें- 'अपनी जुबान पर कंट्रोल रखें, नहीं तो...' पाकिस्तानी नेताओं की धमकियों पर भारत ने दिया करारा जवाब