Hanuman Ansh BO Collection: बॉलीवुड सिनेमा के लिए साल 2026 काफी खास रहा है. इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की है. अभी 4000 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी ‘रामायण’ रिलीज भी नहीं हुई है, लेकिन इससे पहले ही ‘धुरंधर 2’ और अब ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. खास बात यह है कि ‘हनुमान अंश’ लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और इसे अब बड़ी स्लीपर हिट फिल्मों में गिना जा रहा है.
रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई बहुत ज्यादा नहीं थी. इसके बाद धीरे-धीरे दर्शकों की संख्या बढ़ती गई और फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली. अब फिल्म वीकडेज में भी औसतन 6 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 42वें दिन 9,160 स्क्रीन्स से 6.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. छह हफ्ते बाद भी फिल्म की कमाई जिस तरह बनी हुई है, उससे साफ है कि इसकी रफ्तार अभी कम नहीं हुई है.
42 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने कितने कमाए?
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 42 दिनों में भारत में 243.38 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 287.40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. वहीं, ओवरसीज में फिल्म ने 21.75 करोड़ रुपये कमाए हैं.
इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब 309.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. फिल्म की लगातार हो रही कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसका कलेक्शन और बढ़ सकता है.
‘पुष्पा 2’, ‘धुरंधर 2’ और ‘बाहुबली 2’ से आगे निकली
‘हनुमान अंश’ रिलीज के बाद से लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. 42वें दिन के कलेक्शन ने भी फिल्म को चर्चा में ला दिया है. सैकनिल्क के मुताबिक, ‘पुष्पा 2’ ने रिलीज के 42वें दिन 1.15 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं ‘बाहुबली 2’ की 42वें दिन की कमाई 45 लाख रुपये रही थी, जबकि ‘धुरंधर 2’ ने 1.19 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.
इन तीनों फिल्मों की 42वें दिन की कमाई को जोड़ दें तो यह करीब 2.79 करोड़ रुपये होती है. इसके मुकाबले ‘हनुमान अंश’ ने अकेले 42वें दिन 6.25 करोड़ रुपये कमा लिए. यही वजह है कि फिल्म की कमाई को लेकर लगातार चर्चा हो रही है.
फिलहाल फिल्म को रिलीज हुए छह हफ्ते हो चुके हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी कमाई अभी भी मजबूत बनी हुई है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में ‘हनुमान अंश’ अपने नाम और कितने रिकॉर्ड करती है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान को ट्रंप ने दिखाया ठेंगा! ईरान को लेकर अमेरिका करने जा रहा कुछ बड़ा, मिडिल ईस्ट में हलचल तेज