PM मोदी से मुलाकात कर महिला क्रिकेटर्स ने क्या बातें की? देखें VIDEO

नई दिल्ली में बुधवार को एक खास पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की. इस मुलाकात में ना केवल जश्न का माहौल था.

PM Modi Meet with indian women Cricket team know what he talks
Image Source: Social Media

नई दिल्ली में बुधवार को एक खास पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की. इस मुलाकात में ना केवल जश्न का माहौल था, बल्कि भावनाओं और प्रेरणा से भरी बातचीत ने सभी का दिल जीत लिया. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के संघर्ष, जुझारूपन और शानदार वापसी की खुलकर सराहना की.

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला टीम ने तीन लगातार हारों के बाद जिस तरह वापसी की, वह न केवल खेल भावना का उदाहरण है बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा भी है. उन्होंने कहा कि यह जीत भारत की बेटियों के आत्मविश्वास और अनुशासन की ताकत को दर्शाती है. पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को याद दिलाया कि असली चैंपियन वही होते हैं, जो मुश्किल हालात में भी हार नहीं मानते.

2017 की यादें और नया इतिहास

इस मुलाकात के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 की यादें ताजा कीं. उन्होंने कहा, “उस वक्त हम ट्रॉफी के बिना पीएम से मिले थे, लेकिन इस बार इतिहास के साथ लौटे हैं.” हरमन ने मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री से पूछा कि वह इतने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद सब कुछ कैसे मैनेज कर लेते हैं. इस पर मोदी ने जवाब दिया, “यह अब मेरी जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों ने टीम को नई ऊर्जा दी है. उन्होंने महसूस किया कि यह सिर्फ मुलाकात नहीं, बल्कि पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा का क्षण था.

दीप्ति शर्मा की आस्था पर मोदी का विशेष जिक्र

प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान दीप्ति शर्मा के इंस्टाग्राम बायो में लिखे “जय श्री राम” और उनके हाथ पर बने हनुमान जी के टैटू का जिक्र किया. इस पर दीप्ति मुस्कुराते हुए बोलीं, “मुझे इन्हीं से शक्ति मिलती है.” पीएम मोदी ने कहा कि दीप्ति की तरह हर खिलाड़ी को अपनी आस्था और आत्मबल से जुड़कर खेलना चाहिए, तभी जीत मिलती है.

हरलीन और हरमन के कैच की हुई चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने हरलीन देओल के उस शानदार कैच को याद किया, जिसे उन्होंने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ पकड़ा था और जिसके बारे में उन्होंने खुद ट्वीट भी किया था. वहीं, उन्होंने हरमनप्रीत कौर के वर्ल्ड कप फाइनल के बाद गेंद अपनी जेब में रख लेने की घटना को भी याद किया. इस पर हरमन ने मुस्कुराकर कहा, “वो लम्हा मेरे लिए हमेशा खास रहेगा.”

अमनजोत और क्रांति गौड़ का भी हुआ जिक्र

फाइनल में अमनजोत कौर के juggling कैच का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा, “जब तुम कैच ले रही थीं, तब गेंद को देख रही होंगी, लेकिन उसके बाद तुम्हारी नजरें ट्रॉफी पर होंगी.” इस पर सभी खिलाड़‍ियों की हंसी छूट पड़ी.क्रांति गौड़ ने बताया कि उनके भाई प्रधानमंत्री मोदी के बड़े प्रशंसक हैं. इस पर पीएम ने मुस्कुराते हुए कहा कि वे कभी भी उनसे मिलने आ सकते हैं.

फिटनेस पर जोर और प्रेरणा फैलाने की अपील

मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से ‘फिट इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की. उन्होंने कहा कि वे देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर लड़कियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करें. मोदी ने बढ़ते मोटापे पर चिंता जताई और कहा कि फिटनेस सिर्फ खिलाड़ियों के लिए नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए जरूरी है.

महिला क्रिकेट का नया अध्याय

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रचा था. यह भारत का पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब था, जिसने करोड़ों भारतीयों के सपनों को सच कर दिया. इस जीत के साथ भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बाद वर्ल्ड कप विजेता बनने वाली चौथी टीम बन गया.टीम अब अपने-अपने गृह नगर लौट रही है. हालांकि, शेफाली वर्मा जल्द ही नागालैंड रवाना होंगी, जहां वह नॉर्थ जोन की कप्तानी करते हुए इंटर-जोनल टी20 टूर्नामेंट में उतरेंगी. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह जीत सिर्फ मैदान की सफलता नहीं, बल्कि उस सोच की जीत है जो कहती है – “अगर हौसले बुलंद हों, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता.”

यह भी पढ़ें: जब महिला खिलाड़ियों से मिले पीएम मोदी, क्यों नहीं छुई ICC वर्ल्ड कप की ट्रॉफी? जानें कारण