भारत से युद्ध करना हो तो 9 बजे से पहले कर लेना... पाकिस्तान की जनता ऐसे उड़ा रही शहबाज का मजाक

पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव तेज़ हो गया है. लेकिन इसी गंभीर माहौल के बीच पाकिस्तान के आम नागरिकों ने सोशल मीडिया को व्यंग्य का हथियार बना लिया है.

people of Pakistan advice to Shehbaz
शहबाज शरीफ | Photo: ANI

पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव तेज़ हो गया है. लेकिन इसी गंभीर माहौल के बीच पाकिस्तान के आम नागरिकों ने सोशल मीडिया को व्यंग्य का हथियार बना लिया है. देश की आर्थिक बदहाली, मूलभूत सुविधाओं की कमी और बिगड़ती स्थिति पर वे खुद ही मज़ाकिया अंदाज़ में टिप्पणी कर रहे हैं — और यही टिप्पणियां अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

पाकिस्तान की सड़कों की हालत, महंगाई की मार और कर्ज़ में डूबी अर्थव्यवस्था को लेकर लोग इतने निराश हैं कि वे खुद ही अपने हालात पर हंसने लगे हैं. बिजली और गैस की कटौती से जूझते आम लोगों की हताशा अब चुटकुलों में बदल चुकी है.

सोशल मीडिया पर कमेंट्स

एक यूज़र ने तंज कसते हुए लिखा, “अगर भारत को हमला करना है तो 9 बजे से पहले कर लेना, क्योंकि 9:15 पर तो हमारे यहां गैस ही नहीं रहती.” 

एक और शख्स ने कराची की जहरीली हवा को लेकर लिखा, “अगर कराची पर हमला करना है तो मोबाइल फोन यहीं छोड़ कर आना, वहां की हवा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी दम तोड़ देते हैं.”

लोगों की हास्यभरी टिप्पणियां यहीं नहीं रुकीं. एक यूज़र ने लाहौर में अपने ऑफिस का पता शेयर करते हुए मजाक में कहा, “भारत ने अगर मिसाइल मारनी है तो उस वक्त मारे जब मैं ऑफिस में ना होऊं, वरना खुद आकर बताऊंगा!”

क्रिकेट भी इस ट्रोलिंग से नहीं बच सका. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की टीम लाहौर कलंदर्स के खराब प्रदर्शन पर एक यूज़र ने चुटकी ली, “लाहौर मांगने से पहले लाहौर कलंदर्स का स्कोर देख लो, IPL में तो ये पानी पिलाने भी नहीं भेजे जाएंगे.”

एक यूज़र ने तो देश की आर्थिक हालत पर व्यंग्य करते हुए कहा, “हमने आधी दुनिया से कर्ज़ लिया है, इसलिए भारत हमें मार ही नहीं सकता. सो जाओ चैन से.”

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसारन मैदान में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी. यह खूबसूरत स्थान, जिसे ‘मिनी-स्विट्ज़रलैंड’ कहा जाता है, अब एक भयावह स्मृति बन गया है. हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से राजनयिक संपर्क सीमित कर दिए और सिंधु जल समझौते पर भी बातचीत रोक दी. पाकिस्तान की ओर से भी तमाम द्विपक्षीय संधियों को खत्म करने की धमकी दी गई है.

ये भी पढ़ेंः हाफिज सईद ने रची थी साजिश, फिर ऐसे दिया गया 'आतंक' को अंजाम... पहलगाम हमले में बड़ा खुलासा