पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बोला हमला, फाइटर जेट से कई ठिकानों पर दागी मिसाइल, 28 की मौत

रविवार सुबह पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर कई जगहों पर हवाई हमले किए.

Pakistan bombed Afghanistan with fighter jets TTP fighters killed
Image Source: Social Media

Pakistan Airstrikes In Afghanistan: रविवार सुबह पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर कई जगहों पर हवाई हमले किए. पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने पक्तिका प्रांत के बरमल और उरगुन जिलों में तड़के बमबारी की. इसके अलावा नंगरहार प्रांत के खोगयानी, गनी खोल और बेहसूद इलाकों को भी निशाना बनाया गया. रिपोर्ट के अनुसार कुल आठ ठिकानों पर हमला किया गया.

अफगान मीडिया टोलो न्यूज़ के मुताबिक, हमलों में आम लोगों के घरों के साथ एक मदरसे को भी नुकसान पहुंचा है. बताया गया है कि पक्तिका के बरमल जिले में बानुसी मदरसे पर मिसाइल दागी गई. इस हमले में भारी तबाही की खबर है.

28 टीटीपी लड़ाकों के मारे जाने का दावा

पाकिस्तान का कहना है कि इस कार्रवाई में आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया. सूत्रों के अनुसार, करीब 28 तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लड़ाके मारे गए हैं. हालांकि, काबुल स्थित तालिबान सरकार ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

पाकिस्तान ने बताया खुफिया ऑपरेशन

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि यह खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया विशेष अभियान था. उन्होंने बताया कि सेना ने टीटीपी और उससे जुड़े समूहों के साथ-साथ इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक संगठन को भी निशाना बनाया.

पहले भी हो चुका है ऐसा हमला

इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर इसी तरह की कार्रवाई की थी. उस समय डूरंड रेखा पर दोनों देशों के बीच भारी तनाव बढ़ गया था और करीब एक सप्ताह तक संघर्ष चला था. बाद में कतर और तुर्की की मध्यस्थता के बाद युद्धविराम हुआ था.

हाल के हमले ऐसे समय में हुए हैं जब पाकिस्तान में उग्रवादी घटनाएं बढ़ रही हैं. कुछ दिन पहले खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में एक आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 11 सैनिकों और एक बच्चे की मौत हो गई थी. पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, हमलावर अफगान नागरिक था.