नई दिल्ली से रांची तक क्रिकेट का रोमांच इस समय चरम पर है. वजह सिर्फ यह नहीं कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत होने जा रही है, बल्कि इसलिए भी कि टीम इंडिया उस मैदान पर खेलने उतरेगी जिसे महेंद्र सिंह धोनी का घर कहा जाता है. फैंस के मन में बस एक ही सवाल गूंज रहा है
रांची पहले ही सितारों की महफिल बन चुका है. धोनी ने विराट कोहली, रोहित शर्मा और बाकी खिलाड़ियों को अपने फॉर्महाउस पर डिनर के लिए बुलाया. उस शाम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छा गए खासतौर पर वह वीडियो, जिसमें धोनी खुद अपनी कार से विराट कोहली को होटल छोड़ने पहुंचे थे. फैंस के लिए यह किसी नॉस्टैल्जिया से कम नहीं था.
धोनी को लेकर राहुल का बड़ा बयान
भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि धोनी आज भी ‘स्टार्स से भरी भारतीय टीम’ पर एक अलग ही असर डालते हैं. राहुल के शब्दों में वह सच्चाई झलक रही थी जिसे हर खिलाड़ी महसूस करता है. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, अगर माही भाई स्टेडियम में होंगे तो माहौल और भी खास हो जाएगा. हम सभी उनके साथ खेले हैं, उनकी कप्तानी में सीखा है और सच कहूं तो आज भी हम सब कहीं न कहीं उनके फैन हैं. एमएस जैसे इंसान को जानना अपने आप में सौभाग्य है वो एक महान खिलाड़ी ही नहीं, एक शानदार इंसान भी हैं.
रांची में धोनी का जादू
राहुल ने माना कि धोनी की उपस्थिति मैदान पर एक अलग ही ऊर्जा भर देती है. उन्होंने कहा,अगर वो मैच देखने आएंगे, तो भीड़ का उत्साह दोगुना हो जाएगा. हमें भी खेलने में और मजा आएगा. उम्मीद है कि हम अच्छा प्रदर्शन करके मैच जीतें, और स्टेडियम में बैठी भीड़ के साथ-साथ एमएस धोनी का भी मनोरंजन कर पाएं. जीतेंगे तो उन्हें भी खुशी होगी.जैसे-जैसे मैच का समय करीब आ रहा है, रांची में सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि धोनी फैक्टर भी हवा में घुला हुआ है. फैंस उम्मीद लगाए बैठें हैं कि उनका ‘थल’ अपने शहर के मैदान में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने जरूर पहुंचेगा.
यह भी पढ़ें: इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे किदांबी श्रीकांत, 9 साल बाद फिर से इतिहास रचने का मौका