MP में नायब तहसीलदार बनने का शानदार मौका, इतने पदों पर निकली वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

MBESB Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे विभागीय कर्मचारियों के लिए अहम खबर है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नायब तहसीलदार विभागीय समिति प्रतियोगी परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.

mpesb-naib-tehsildar-departmental-exam-2026-apply-online
Image Source: Magnific

MBESB Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे विभागीय कर्मचारियों के लिए अहम खबर है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नायब तहसीलदार विभागीय समिति प्रतियोगी परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए नायब तहसीलदार के कुल 73 पदों पर नियुक्ति की जाएगी. आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी और इच्छुक पात्र कर्मचारी 1 अक्टूबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे.

73 पदों पर होगी भर्ती

MPESB की इस विभागीय भर्ती में क्लेरिकल कैडर के 46 और पटवारी-रेवेन्यू इंस्पेक्टर कैडर के 27 पद शामिल हैं. क्लेरिकल कैडर में 32 नियमित और 14 बैकलॉग पद हैं, जबकि पटवारी-रेवेन्यू इंस्पेक्टर कैडर में 12 नियमित और 15 बैकलॉग पद निर्धारित किए गए हैं. सभी पदों के लिए लेवल-9 का वेतनमान लागू होगा, जिसके तहत 36,200 रुपये से 1,14,800 रुपये तक वेतन मिलेगा.

किन कर्मचारियों को मिलेगा मौका?

यह सामान्य ओपन भर्ती नहीं है, बल्कि राजस्व विभाग के पात्र कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षा है. आवेदन करने वाले कर्मचारी का संबंधित क्लेरिकल सर्विस या पटवारी-रेवेन्यू इंस्पेक्टर कैडर में कम से कम 5 साल की सेवा पूरी करना जरूरी है. साथ ही उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. 1 जनवरी 2026 को उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 55 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए और एक कर्मचारी अधिकतम तीन बार इस परीक्षा में शामिल हो सकता है.

दो पेपर में होगी परीक्षा

नायब तहसीलदार चयन परीक्षा में दो ऑब्जेक्टिव पेपर होंगे और दोनों 100-100 अंकों के होंगे. प्रत्येक पेपर के लिए दो घंटे का समय मिलेगा. पहले पेपर में सामान्य तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान और कंप्यूटर से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. दूसरे पेपर में सरकारी सेवा नियम, राजस्व शब्दावली, मध्य प्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959, रेवेन्यू बुक सर्कुलर और लैंड रिकॉर्ड्स रूल्स से संबंधित सवाल शामिल होंगे. सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत और एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए 40 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे.

आवेदन, फीस और परीक्षा की तारीख

ऑनलाइन आवेदन 17 सितंबर से शुरू होकर 1 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे. परीक्षा 14 नवंबर 2026 से शुरू होने की जानकारी दी गई है. दो पेपर वाली इस परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित है, जबकि आवेदन के माध्यम के अनुसार पोर्टल फीस अलग से लागू होगी. आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को MPESB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा 2026 के लिंक से रजिस्ट्रेशन करना होगा, जरूरी जानकारी भरनी होगी, दस्तावेज अपलोड कर फीस जमा करनी होगी और फाइनल आवेदन की रसीद सुरक्षित रखनी होगी.

ये भी पढ़ें: यूपी में सरकारी नौकरी का गोल्डन चांस! UPSSSC ने सीनियर इंस्ट्रक्टर के पदों पर निकाली वैकेंसी