राजस्थान निकाय चुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, कई जगह निर्दलीयों का दबदबा

राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली. शाम तक सामने आए नतीजों में भाजपा ने 4,171 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 3,597 वार्ड पर सिमट गई.

rajasthan-civic-elections-bjp-congress-results-ward-wise-latest-update
Image Source: Social Media

राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली. शाम तक सामने आए नतीजों में भाजपा ने 4,171 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 3,597 वार्ड पर सिमट गई. अब तक कम से कम 10,200 वार्ड के परिणाम घोषित हो चुके हैं. जयपुर नगर निगम बोर्ड में भी भाजपा का प्रदर्शन मजबूत रहा, जहां 150 में से 146 वार्ड के नतीजों में BJP ने 78 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को 53 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 15 सीटें मिली हैं.

कई निकायों में निर्दलीयों का खेल

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, निकाय चुनाव में 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. कुल 87.63 लाख मतदाताओं में से 61.35 लाख ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. 162 नगर निकायों में पहले चरण की वोटिंग 76.41 प्रतिशत रही. कुल 10,245 पार्षद चुने जाने हैं. वहीं 252 म्युनिसिपल काउंसिल में BJP 149 निकायों में आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 95 में बढ़त बनाए हुए है और 8 निकायों में निर्दलीय उम्मीदवार आगे हैं. 47 म्युनिसिपल कमेटियों की गिनती में भी भाजपा 21, कांग्रेस 17 और निर्दलीय 9 में आगे चल रहे हैं.

मेयर से लेकर चेयरपर्सन तक फैसला बाकी

वार्ड स्तर की लेटेस्ट टैली में भाजपा ने 3,646 वार्ड, कांग्रेस ने 3,110 वार्ड और अन्य उम्मीदवारों ने 2,164 वार्ड जीते हैं. कई नगर निकायों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से निर्दलीय उम्मीदवारों की भूमिका अहम हो गई है. अब निगाहें मेयर और चेयरपर्सन के चुनाव पर हैं, जिनका चयन 21 सितंबर को किया जाएगा. इसके अगले दिन यानी 22 सितंबर को डिप्टी मेयर, डिप्टी चेयरपर्सन और म्युनिसिपल वाइस-प्रेसिडेंट के पदों पर नियुक्ति होगी.

एक वोट और जीरो वोट ने चौंकाया

निकाय चुनाव के नतीजों में कुछ ऐसे आंकड़े भी सामने आए हैं, जिन्होंने सबको हैरान कर दिया. भाजपा और कांग्रेस के एक-एक उम्मीदवार को महज एक-एक वोट मिला, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के एक उम्मीदवार को एक भी वोट नहीं मिला. भाजपा उम्मीदवार कैलाशचंद ने डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगर पालिका के वार्ड 13 से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सिर्फ एक वोट हासिल हुआ.

ये भी पढ़ें: छठ पर घर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, IRCTC पर टिकट नहीं मिला तो रेलवे ने चलाईं 8 स्पेशल ट्रेनें, देखें लिस्ट