Kal Ka Mausam 16 September: मॉनसून की विदाई की आहट के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि गुजरात के आसपास बने लो प्रेशर एरिया ने भी मौसम की गतिविधियां बढ़ा दी हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, कल 10 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश देखने को मिल सकती है.
दिल्ली-NCR में फिर बरसेंगे बादल
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. IMD के अनुसार 20 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. कल आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि हवा में नमी भी बनी रहेगी.
राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं का दौर
राजस्थान के कई जिलों में नए वेदर सिस्टम के चलते बारिश का असर देखने को मिल रहा है. दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के कच्छ क्षेत्र के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से अगले 24 घंटे मौसम सक्रिय रह सकता है. 16-17 सितंबर को बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू समेत शेखावाटी के कुछ इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में भी अगले 3-4 दिनों तक कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है.
यूपी के कई इलाकों में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम विभाग ने कल पूर्वी यूपी के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण राज्य की कुछ नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं.
बिहार में आंधी-बिजली के साथ बारिश
बिहार में मॉनसून की विदाई का समय नजदीक है, लेकिन कई इलाकों में अभी बारिश जारी है. IMD ने कल कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. राज्य में अब तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है और औरंगाबाद को छोड़कर सभी 37 जिलों में सामान्य से कम वर्षा होने की जानकारी दी गई है.
पंजाब-हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी कल मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. बारिश के दौरान तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मध्य प्रदेश में अचानक बदल सकता है मौसम
मध्य प्रदेश में भी कल कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. हालांकि पूरे राज्य में व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन कुछ इलाकों में मौसम अचानक करवट ले सकता है. ऐसे में अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं.
कल इन राज्यों में भी भारी बारिश
भारी बारिश: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय
मध्यम से व्यापक बारिश: पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख, केरल और लक्षद्वीप
छिटपुट बारिश: बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश
ये भी पढ़ें: ईरान से जंग में अमेरिका को भारी नुकसान, सैन्य ठिकानों पर पड़ा बड़ा असर, पेंटागन की रिपोर्ट में खुलासा