मेक्सिको में लंबे समय से फरार चल रहे खतरनाक ड्रग माफिया नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वांतेस को रविवार को एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में मार गिराया गया. वह कुख्यात जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का सरगना था और अमेरिका व मेक्सिको दोनों देशों की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल था.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पश्चिमी राज्य जलिस्को के टापालपा इलाके में सेना ने कई फेडरल एजेंसियों के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया. मुठभेड़ में कार्टेल के चार सदस्य मारे गए. एल मेंचो और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन मेक्सिको सिटी ले जाते समय उनकी मौत हो गई. इस कार्रवाई में तीन सैनिक भी घायल हुए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने खुफिया जानकारी साझा की थी, लेकिन ऑपरेशन मेक्सिको की सेना ने ही अंजाम दिया.
कौन था एल मेंचो
एल मेंचो पहले एक पुलिसकर्मी था, लेकिन बाद में उसने CJNG को दुनिया के सबसे खतरनाक आपराधिक संगठनों में बदल दिया. उस पर अमेरिका में फेंटानिल बनाने और तस्करी के गंभीर आरोप थे. साल 2022 में अमेरिका ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया था. उसकी गिरफ्तारी पर अमेरिका ने करीब 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा था, जबकि मेक्सिको सरकार ने भी भारी इनाम घोषित किया था.
मौत के बाद कई राज्यों में हिंसा
एल मेंचो के मारे जाने के बाद मिचोआकान, गुआनाहुआतो समेत कम से कम पांच राज्यों में हिंसा भड़क उठी. संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने बसों और दुकानों में आग लगा दी, सड़कों को जाम किया और सुरक्षाबलों से भिड़ंत की.
CJNG cartel terrorists light up a a gas station on in Guadalajara, Mexico
— حسن سجواني 🇦🇪 Hassan Sajwani (@Sajwani) February 22, 2026
pic.twitter.com/Buzn5I8K2i
पर्यटन स्थल प्यूर्टो वालार्टा से भी आगजनी और धुएं के वीडियो सामने आए. हालात बिगड़ने पर कई जगहों पर सार्वजनिक परिवहन रोक दिया गया और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई.
फ्लाइटें रद्द, अलर्ट जारी
हिंसा के चलते एयरपोर्ट्स पर भी तनाव की स्थिति बन गई. गोलियों की आवाजें सुनी गईं और लोग छिपते नजर आए. कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया. अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए ग्वाडालाजारा और प्यूर्टो वालार्टा में यात्रा से बचने की सलाह दी.
कई जगहों पर टैक्सी और राइड-शेयरिंग सेवाएं भी बंद कर दी गईं, जबकि कुछ व्यवसायों ने एहतियातन अपने संचालन रोक दिए.
क्या अमेरिका के दबाव का असर?
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने इस ऑपरेशन में शामिल एजेंसियों की सराहना की और कहा कि ज्यादातर इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है. हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बड़े अपराधियों के मारे जाने के बाद गैंग छोटे समूहों में बंटकर और ज्यादा हिंसक हो सकते हैं.
पिछले एक साल से डोनाल्ड ट्रंप मेक्सिको पर ड्रग तस्करी रोकने का दबाव बना रहे थे. ऐसे में एल मेंचो की मौत को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन इसके बाद फैली हिंसा से साफ है कि चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- 'सही समय पर बदला लेंगे', पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान की धमकी, छिड़ने वाली है जंग?