हादसे ने दोनों हाथ छीने, फिर भी हौसले ने लिखी कामयाबी की इबारत; पैरों से पेपर देकर बने सरकारी अफसर

वैभव का बचपन मुश्किलों से भरा हुआ था. उनके पिता का देहांत जब वे 10वीं कक्षा में थे, तो उनकी मां ने मजदूरी कर बच्चों की परवरिश की. हालांकि, इससे पहले ही एक और दिल दहला देने वाली घटना ने उनकी जिंदगी को पलट कर रख दिया.

Maharashtra Vaibhav Paitwar cracked MPSC exam writing with feet became revenue officer
Image Source: Social Media

Vaibhav Paitwar Success Story: किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए न केवल मेहनत, बल्कि दृढ़ नायक की तरह चुनौतियों का सामना करने का जज्बा भी चाहिए. महाराष्ट्र के नांदेड जिले के वैभव पईतवार ने अपनी जीवन यात्रा से यह साबित किया है कि अगर हौसले मजबूत हों, तो कोई भी मुश्किल आपको अपनी मंजिल तक पहुंचने से रोक नहीं सकती. वैभव की कहानी आज उन सभी के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जो जीवन में हर कठिनाई को एक चुनौती मानते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं.

दर्दनाक हादसे के बावजूद हार नहीं मानी

वैभव का बचपन मुश्किलों से भरा हुआ था. उनके पिता का देहांत जब वे 10वीं कक्षा में थे, तो उनकी मां ने मजदूरी कर बच्चों की परवरिश की. हालांकि, इससे पहले ही एक और दिल दहला देने वाली घटना ने उनकी जिंदगी को पलट कर रख दिया. 2008 में, वैभव जब पतंग उड़ा रहे थे, तो अचानक वे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गए. इसके परिणामस्वरूप उनका दोनों हाथ पूरी तरह से जलकर बेकार हो गया. एक पल में उनकी पूरी जिंदगी बदल गई, लेकिन उन्होंने अपने हौसले को बनाए रखा और इस दर्दनाक हादसे के बावजूद खुद को फिर से खड़ा किया.

पैरों से लिखने का साहस

हाथ खोने के बाद वैभव ने खुद को कभी भी कमजोर नहीं समझा. उन्होंने पैरों से लिखने का अभ्यास शुरू किया और लगातार कठिन परिश्रम किया. उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और हर दिन घंटों मेहनत करते रहे. उनके इस जज्बे ने ही उन्हें महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) परीक्षा में सफलता दिलाई. आज वे राजस्व अधिकारी के रूप में नियुक्त हो चुके हैं, जो न केवल उनके लिए, बल्कि हर संघर्षशील व्यक्ति के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी है.

वैभव पईतवार का संदेश

वैभव पईतवार की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अगर इंसान मानसिक रूप से मजबूत है, तो शारीरिक चुनौतियां सफलता के रास्ते में अड़चन तो डाल सकती हैं, लेकिन उसे रोक नहीं सकतीं. उनके संघर्ष की यह कहानी यह साबित करती है कि इंसान के आत्मविश्वास और मेहनत के आगे कोई भी मुश्किल छोटी पड़ जाती है. 

ये भी पढ़ें: पहले राफेल और अब फाइटर जेट इंजन... फ्रांस बन रहा है भारत के लिए दूसरा रूस, AMCA को मिलेगी उड़ान!