जोरदार धमाके से दहला पाकिस्तान! मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान सुसाइड ब्लास्ट, 15 लोगों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ओल्ड पुलिस लाइंस के पास स्थित एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका हुआ.

kohat-mosque-blast-during-friday-prayers-pakistan-attack
Image Source: Social Media

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ओल्ड पुलिस लाइंस के पास स्थित एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार धमाका हुआ. शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 15 बताई गई है, जबकि 50 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, अलग-अलग रिपोर्टों में हताहतों का आंकड़ा अलग है और स्थिति लगातार अपडेट हो रही है.

नमाज के दौरान हुआ जोरदार धमाका

घटना उस समय हुई जब बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में जुमे की नमाज अदा कर रहे थे. धमाके से मस्जिद के बाहरी हिस्से और आसपास की संरचनाओं को नुकसान पहुंचा तथा एक दीवार भी गिर गई. राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाना शुरू किया, जहां आपात स्थिति घोषित की गई.

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी को ओल्ड पुलिस लाइंस के गेट से टकराया गया. धमाके के बाद पुलिस और हथियारबंद हमलावरों के बीच गोलीबारी की भी जानकारी सामने आई है. अधिकारियों ने इलाके को घेर लिया है और हमले की प्रकृति तथा जिम्मेदार लोगों की पहचान की जांच जारी है.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अस्पतालों में इमरजेंसी

रेस्क्यू 1122 की टीमें घटनास्थल पर मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है. पुलिस ने घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया है. अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

मुख्यमंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत और चिकित्सा व्यवस्था तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है. फिलहाल सुरक्षा बल और बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं और जांच के साथ राहत अभियान जारी है.

ये भी पढ़ें: इस मंच पर ऐसा क्या हुआ, जो एक साथ आ गए भारत-पाकिस्तान? मिलकर किया ये बड़ा ऐलान