Israel Attacks Iran: मध्य-पूर्व में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. इजरायल द्वारा ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए जाने की खबरों के बीच राजधानी तेहरान में कई धमाकों की आवाज सुनी गई है. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सामने आ रही कई जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
ईरान की सरकारी और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान के अलग-अलग हिस्सों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं. शहर के कुछ इलाकों में धुएं के गुबार उठते देखे गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई.
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जुम्हूरी इलाके में मिसाइल गिरने की बात कही गई है, हालांकि इन सूचनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
खामेनेई के आवास पर हमले का दावा
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इजरायल ने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के आवास को निशाना बनाया.
#WATCH | Tehran, Iran | Israel has launched a preventative missile attack against Iran, the Israeli defence minister said; visuals of the aftermath of the strike in Iran as a plume of smoke billows into the sky
— ANI (@ANI) February 28, 2026
The U.S. participated in the (Iran) attack and was also carrying out… pic.twitter.com/tzfR1WnDhO
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उस समय वह वहां मौजूद थे या नहीं. ईरान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पेजेशकियन को भी निशाना बनाने की बात
इजरायली सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन को निशाना बनाने की कोशिश की गई.
लेकिन यह जानकारी भी अपुष्ट है और इसकी सफलता या विफलता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
करीब 30 ठिकानों पर हमले का दावा
इजरायली मीडिया में यह दावा किया गया है कि ईरान के करीब 30 ठिकानों को निशाना बनाया गया. इन ठिकानों में सैन्य और खुफिया प्रतिष्ठानों के शामिल होने की बात कही गई है.
कुछ रिपोर्ट्स में राष्ट्रपति आवास और एक इंटेलिजेंस मुख्यालय पर भी हमले का जिक्र है, लेकिन ईरान ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है.
अंतरराष्ट्रीय मीडिया की रिपोर्ट्स
अल जजीरा ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यह कार्रवाई इजरायल और अमेरिका के संयुक्त अभियान का हिस्सा हो सकती है.
हालांकि, अमेरिका की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जिससे स्थिति को लेकर भ्रम बना हुआ है.
इजरायल का बयान: सुरक्षा के तहत कार्रवाई
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा है कि यह कार्रवाई देश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है.
उनके मुताबिक, यह एक “प्री-एम्प्टिव” कदम है, जिसका उद्देश्य संभावित खतरों को पहले ही खत्म करना है.
घटनाओं के बाद तेहरान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. कई इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- तालिबान ने मार गिराया पाकिस्तान का लड़ाकू विमान! पायलट को जिंदा पकड़ने का दावा, वीडियो वायरल