अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आता दिख रहा है. तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है. इस दावे के बाद क्षेत्र में स्थिति और ज्यादा संवेदनशील हो गई है, खासकर अफगान-पाक सीमा पर स्थित तोरखम इलाके में.
अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नंगरहार प्रांत में तालिबान बलों ने एक पाकिस्तानी जेट को निशाना बनाया. रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि विमान के पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है. हालांकि, इन दावों की अभी तक स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. न तो पायलट की पहचान सामने आई है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि किस प्रकार के विमान को गिराया गया.
जानकारी में कई सवाल अब भी बाकी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई अहम सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं. जैसे कि विमान को गिराने के लिए किस हथियार या तकनीक का इस्तेमाल किया गया, घटना का सटीक समय क्या था, और क्या इसमें किसी तरह का अतिरिक्त नुकसान हुआ. इन सभी बिंदुओं पर अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
In an exclusive video obtained by Radio Hurriyat, the defeated Pakistani pilot is shown in the humiliating moment of his capture, falling alive into the hands of victorious Afghan forces."#رد_الظلم pic.twitter.com/Wc9OK8Khst
— Hurriyat Radio English (@HurriyatEN) February 28, 2026
तोरखम में झड़पें तेज, जंग जैसे हालात
इसी बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तोरखम बॉर्डर पर भीषण झड़पों की खबरें सामने आई हैं. स्थानीय मीडिया के अनुसार, तालिबान लड़ाके और पाकिस्तानी सेना आमने-सामने हैं. एक स्थानीय रिपोर्टर ने क्षेत्र से तस्वीर साझा करते हुए बताया कि सुबह के समय से ही दोनों पक्षों के बीच संघर्ष फिर शुरू हो गया.
सैन्य ठिकाने और सप्लाई डिपो तबाह: तालिबान
तोरखम के स्थानीय प्रशासन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अफगान बलों ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. उनके मुताबिक, दुश्मन के सप्लाई डिपो, सैन्य अड्डों और तीन महत्वपूर्ण टावरों को नष्ट कर दिया गया है. इन हमलों में पाकिस्तानी सेना को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया गया है, हालांकि इसकी भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.
तालिबान प्रवक्ता का पाकिस्तान पर आरोप
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने भी इस पूरे मामले पर बयान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान के भीतर एक विशेष समूह क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने में लगा हुआ है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ऐसे तत्वों को रोकने की अपील की.
हवाई हमलों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप
मुजाहिद ने यह भी कहा कि अफगान वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के सैन्य केंद्रों को निशाना बनाया है. उनका आरोप है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमान लगातार अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन कर रहे थे. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने हाल ही में काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में हवाई हमले किए.
तालिबान प्रवक्ता ने कहा कि अफगानिस्तान हमेशा से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान चाहता रहा है और पाकिस्तान के साथ कई दौर की बातचीत भी कर चुका है. हालांकि, उनका आरोप है कि इस्लामाबाद बातचीत के जरिए समाधान निकालने में रुचि नहीं दिखा रहा है और अक्सर तनाव बढ़ाने वाले कदम उठाता है.
ये भी पढ़ें- इजराइल के हमलों से दहला ईरान, तेहरान में एक के बाद एक कई धमाके, आसमान में धुएं का गुबार