Israel-Iran War: मध्य-पूर्व में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं. इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने का दावा किया गया है. इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान से कई धमाकों की खबरें सामने आई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता और अस्थिरता बढ़ गई है.
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार राजधानी तेहरान में कई जगहों पर जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हौरी जैसे इलाकों में मिसाइल गिरने की जानकारी सामने आई है. स्थानीय स्तर पर साझा किए गए वीडियो में भी धमाकों और धुएं के गुबार देखे जाने का दावा किया जा रहा है.
इजरायल की चेतावनी: नागरिक रहें सतर्क
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने अपने नागरिकों को अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षित स्थानों के पास रहने की सलाह दी है. सेना ने कहा है कि यह चेतावनी संभावित मिसाइल हमलों को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंच सकें.
گزارشها و تصاویر دریافتی از 'شنیده شدن صدای چند انفجار و دیده شدن دود در #تهران، شنبه ۹ اسفند'#Iran #Tehran pic.twitter.com/tIk5yAITCA
— Vahid Online (@Vahid) February 28, 2026
IDF ने स्पष्ट किया कि यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है. सेना के अनुसार, ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने की आशंका को देखते हुए पहले से जनता को सतर्क करना जरूरी था. इसीलिए पूरे देश में नेशनल अलर्ट जारी किया गया.
IRGC ठिकानों को निशाना बनाने का दावा
ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमलों में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के खुफिया मुख्यालय को निशाना बनाया गया. इसके अलावा मध्य तेहरान के कुछ हिस्सों पर भी हमले की बात कही जा रही है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है.
Footage shows smoke rising in Iran's capital Tehran as Israel launches a "preemptive attack." pic.twitter.com/y8KofXiLVn
— Emanuel (Mannie) Fabian (@manniefabian) February 28, 2026
इजरायल ने बंद किया हवाई क्षेत्र
संभावित खतरे को देखते हुए इजरायल ने अपने हवाई क्षेत्र को आम नागरिकों के लिए बंद कर दिया है. यह कदम सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटा जा सके.
लोगों में दहशत, वीडियो आए सामने
तेहरान से सामने आए वीडियो और स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाकों के बाद लोगों में अफरातफरी का माहौल है. कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए, जबकि प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है.
विदेशी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
हालात को देखते हुए विभिन्न देशों ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करनी शुरू कर दी है. ब्रिटेन ने इजरायल और ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
ब्रिटेन की सख्त ट्रैवल एडवाइजरी
ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (FCDO) ने जरूरी यात्रा को छोड़कर इजरायल और फिलिस्तीन जाने से बचने की सलाह दी है. इसके साथ ही गाजा, वेस्ट बैंक, तुलकरम, जेनिन और टुबास जैसे क्षेत्रों में यात्रा से परहेज करने को कहा गया है.
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि गाजा बॉर्डर के 500 मीटर के भीतर जाने से बचें. साथ ही रूट 90 और अन्य संवेदनशील इलाकों को भी उच्च जोखिम वाला बताया गया है.
गोलन हाइट्स और सीरिया सीमा पर चेतावनी
एफसीडीओ ने कब्जे वाले गोलन हाइट्स के आसपास के क्षेत्रों में भी यात्रा न करने की सलाह दी है, खासकर ‘एरिया ऑफ सेपरेशन’ के करीब जाने से बचने को कहा गया है. साथ ही सीरिया के रास्ते इस इलाके में प्रवेश न करने की चेतावनी भी दी गई है.
ब्रिटेन ने एहतियात के तौर पर अपने कुछ दूतावास कर्मियों और उनके परिवारों को तेल अवीव से इजरायल के अंदर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है. हालांकि, दूतावास अभी भी सामान्य रूप से कार्य कर रहा है.
ये भी पढ़ें- तालिबान ने मार गिराया पाकिस्तान का लड़ाकू विमान! पायलट को जिंदा पकड़ने का दावा, वीडियो वायरल