रूस में ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, S-400 की सीक्रेट फाइल चोरी का था प्लान, कैसे हुआ खुलासा?

रूस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के जासूसी नेटवर्क को पकड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की सुरक्षा छवि को चुनौती देने वाला मामला उजागर किया है.

ISI spy network busted in Russia S-400 secret file
Image Source: Social Media

रूस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के जासूसी नेटवर्क को पकड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की सुरक्षा छवि को चुनौती देने वाला मामला उजागर किया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नेटवर्क रूस से एडवांस्ड एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य हेलिकॉप्टर से जुड़ी संवेदनशील तकनीक चुराने की कोशिश में था. यह कार्रवाई विशेष रूप से भारत की सामरिक सुरक्षा दृष्टि से अहम मानी जा रही है, क्योंकि जिन सिस्टमों को निशाना बनाया गया था, वे भारतीय वायुसेना के आधुनिक रक्षा ढांचे का हिस्सा हैं.

इकोनॉमिक टाइम्स और अन्य मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रूसी खुफिया एजेंसियों ने सेंट पीटर्सबर्ग में एक रूसी नागरिक को गिरफ्तार किया, जो कथित रूप से ISI के लिए काम कर रहा था. गिरफ्तारी से पहले ही गुप्त दस्तावेजों की तस्करी रोक दी गई.

बरामद दस्तावेज़ों में संवेदनशील जानकारियां

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास से बरामद दस्तावेज़ों में Mi-8 AMTShV हेलिकॉप्टर और S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम के विकास से जुड़ी संवेदनशील तकनीकी जानकारियां शामिल थीं. ये तकनीकें केवल सैन्य स्तर पर प्रयोग की जाती हैं और उनकी चोरी न केवल रूस के लिए बल्कि भारत के लिए भी खतरा उत्पन्न कर सकती थी.

रूस की जांच एजेंसियों ने इस पूरे अभियान को ‘काउंटर-एस्पियोनेज ऑपरेशन’ के तहत अंजाम दिया, जिसका उद्देश्य विदेशी जासूसों और एजेंसियों के कामकाज को रोकना था. गिरफ्तार व्यक्ति से फिलहाल पूछताछ जारी है, और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इसमें पाकिस्तान के दूतावास या अन्य विदेशी एजेंसियों की भी कोई भूमिका थी.

भारत-रूस साझेदारी और S-400 का महत्व

भारतीय वायुसेना के पास वर्तमान में तीन S-400 मिसाइल सिस्टम हैं, और भारत ने रूस से पाँच और सिस्टम खरीदने की योजना बनाई है. इन मिसाइलों की तैनाती भारत को सीमाओं पर सुरक्षा में निर्णायक बढ़त देती है.

विशेषज्ञों के अनुसार, ISI की कोशिश सीधे तौर पर भारत की सामरिक बढ़त को प्रभावित करने की कोशिश थी. यह वही सिस्टम है जिसने हाल ही में भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में पाकिस्तान की गतिविधियों को रोकने में अहम भूमिका निभाई.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ने ‘सिंदूर’ ऑपरेशन के बाद रूस में अपने जासूसी नेटवर्क को सक्रिय किया, ताकि भारत के लिए किसी भी भविष्य की रणनीतिक बढ़त को कमजोर किया जा सके.

ग्लोबल पॉलिटिक्स और जासूसी की पृष्ठभूमि

रूस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. इस घटना से पहले मॉस्को स्थित पाकिस्तानी अखबार ‘फ्रंटियर पोस्ट’ में छपी कुछ एंटी-रशियन रिपोर्ट्स को लेकर रूसी दूतावास ने आपत्ति जताई थी. रूस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की रिपोर्टें देश की छवि को खराब करने का प्रयास हैं.

विश्लेषकों के अनुसार, यह घटनाक्रम पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय जासूसी गतिविधियों पर सवाल खड़ा करता है. रूस में ISI का नेटवर्क अगर सफल हो जाता, तो संवेदनशील तकनीक का भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया जा सकता था.

ये भी पढ़ें- अब रोबोट करेंगे सारा काम, इंसानों को नहीं पड़ेगी कमाने की जरूरत... एलन मस्क ने बताया अपना फ्यूचर प्लान