दोहा/तेहरान/वॉशिंगटन: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं. कतर, बहरीन, कुवैत और इराक में अमेरिकी बेसों पर ईरानी मिसाइलों के गिरने की खबरों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं. दोहा में भी विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गई हैं, जिसके बाद कतर और यूएई ने अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया है.
ईरान का ऑपरेशन: 'विजय की घोषणा'
ईरान की तस्नीम न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, यह हमला एक व्यापक सैन्य अभियान का हिस्सा है जिसे "Annunciation of Victory" (विजय की घोषणा) नाम दिया गया है. इस ऑपरेशन का उद्देश्य अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों का जवाब देना बताया गया है.
कतर और इराक में अमेरिकी ठिकाने निशाने पर
खुफिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान ने कतर के अल-उदैद एयरबेस और इराक के अल-असद एयरबेस सहित कई सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बनाया है.
भारतीय दूतावास ने कतर में रहने वाले भारतीयों को घर में ही रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
पूर्व चेतावनी और अमेरिकी प्रतिक्रिया
खबरों के मुताबिक, अमेरिका को इस हमले की आशंका पहले ही थी. Axios ने बताया कि ईरान ने हमले से पहले मिसाइल लॉन्चर तैनात कर दिए थे. अमेरिकी प्रशासन के अनुसार, यह हमला उनकी सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में था, जिनमें ईरान के फोर्दो, इस्फहान और नतांज स्थित परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया गया था.
ये भी पढ़ें- अमेरिका ने तबाह कर दिया परमाणु ठिकाना, फिर भी ट्रंप का नाम लेने में कांप रहे खामेनेई, क्या है डर की वजह?