Namo Bharat: 24 मिनट में पूरा होगा 45 मिनट का सफर, अब दिल्ली से राजस्थान तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन

दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के बीच सफर को आसान बनाने के लिए नमो भारत ट्रेन नेटवर्क को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है.

Namo bharat extension From Delhi to Rajasthan industrial connectivity
Image Source: ANI

Namo Bharat: दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के बीच सफर को आसान बनाने के लिए नमो भारत ट्रेन नेटवर्क को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. केंद्र सरकार ने दिल्ली-सराय काले खां से गुरुग्राम और बावल तक बनने वाले नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर को राजस्थान के बहरोड़ तक ले जाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है.

इस विस्तार के लिए केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने वित्त मंत्रालय के पास मंजूरी का प्रस्ताव भेजा है. मंजूरी मिलने के बाद राजस्थान के कई औद्योगिक इलाकों को दिल्ली-एनसीआर के तेज रफ्तार परिवहन नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा.

बावल से बहरोड़ के बीच बनेंगे 4 नए स्टेशन

प्रस्तावित योजना के तहत बावल से बहरोड़ तक करीब 36 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसमें करीब 11 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और 25 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में होगा.

इस नए रूट पर चार नए स्टेशन बनाए जाने की योजना है. कॉरिडोर शुरू होने के बाद बावल से बहरोड़ तक का सफर केवल 24 मिनट में पूरा हो सकेगा. अभी सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में करीब 45 मिनट का समय लगता है. इस पूरे विस्तार पर लगभग 8,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है.

औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

नमो भारत ट्रेन के बहरोड़ तक पहुंचने से राजस्थान के कई बड़े औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा फायदा मिलेगा. नीमराना, शाहजहांपुर, बहरोड़, भिवाड़ी, खुशखेड़ा और चौपानकी जैसे इलाकों में काम करने वाले लोगों के लिए दिल्ली और गुरुग्राम तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में इंजीनियर, कर्मचारी और अधिकारी रोजाना सफर करते हैं. तेज और बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से उनका समय बचेगा और यात्रा का खर्च भी कम हो सकता है.

विदेशी कंपनियों और निवेश को भी मिलेगा बढ़ावा

नीमराना का जापानी औद्योगिक क्षेत्र पहले से ही बड़ी विदेशी कंपनियों का केंद्र है. नमो भारत नेटवर्क से जुड़ने के बाद यहां आने वाले निवेशकों और कंपनियों के अधिकारियों के लिए दिल्ली और एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

इससे क्षेत्र में नए उद्योगों के आने और निवेश बढ़ने की उम्मीद है. बेहतर कनेक्टिविटी से राजस्थान के औद्योगिक इलाकों को नई पहचान भी मिल सकती है.

पहले भी उठी थी बहरोड़ तक विस्तार की मांग

शुरुआत में नमो भारत कॉरिडोर को दिल्ली से नीमराना और बहरोड़ तक ले जाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे चरणबद्ध तरीके से बावल तक सीमित कर दिया गया था.

इसके बाद राजस्थान के उद्योग संगठनों, कारोबारियों और स्थानीय नेताओं ने इसे बहरोड़ तक बढ़ाने की मांग की थी. अब इसी मांग को देखते हुए सरकार ने विस्तार का प्रस्ताव आगे बढ़ाया है.

राजस्थान तक मजबूत होगी कनेक्टिविटी

अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों के बीच आने-जाने का तरीका काफी बदल सकता है.

नमो भारत ट्रेन के जरिए लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी. इससे रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. खासतौर पर भिवाड़ी, खुशखेड़ा और चौपानकी जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

ये भी पढ़ें- Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढही, 2 की मौत, कई लोग अब भी दबे