Nepal Floods Update: नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. भारत भी पड़ोसी देश की मदद में जुटा हुआ है. विदेश मंत्रालय ने बताया है कि नेपाल के अनुरोध पर भारत टनल रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए पहले एक रेकी टीम नेपाल भेजी जाएगी, जो जरूरी उपकरणों और हालात का जायजा लेगी. इसके अलावा मेडिकल टीम भेजने की भी तैयारी है.
राहत सामग्री की तीसरी खेप भेजने की तैयारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत अब तक नेपाल को बड़ी मात्रा में मानवीय सहायता भेज चुका है और राहत सामग्री की और खेप भी भेजी जा रही है. दो विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि तीसरी खेप शुक्रवार शाम तक भेजे जाने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि टनल रेस्क्यू टीम भेजने से पहले रेकी टीम यह देखेगी कि वहां किस तरह के उपकरणों की जरूरत है. भारत ने नेपाल को बेली ब्रिज और उनकी तकनीकी टीम भेजने की पेशकश भी की है, ताकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में संपर्क व्यवस्था जल्द बहाल की जा सके.
एनडीआरएफ टीम भेजने का भी प्रस्ताव
विदेश मंत्रालय ने बताया कि नेपाल में एक बेली ब्रिज पहले से मौजूद है, जिसका इस्तेमाल राहत कार्यों में किया जा सकता है. भारत ने नेपाल को एनडीआरएफ की टीमें और जरूरी उपकरण भेजने का भी प्रस्ताव दिया है. ये टीमें खोज और बचाव अभियान में मदद कर सकती हैं.
भारत अभी नेपाल सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में फंसे या लापता भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की भी व्यवस्था की जा रही है. भारत ने साफ किया है कि नेपाल को किसी भी अन्य मदद की जरूरत होगी तो वह उपलब्ध कराने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें- पहली बार भारतीय आसमान में गरजेगा जापानी फाइटर जेट, पाकिस्तान सीमा पर करेगा ये काम, जानें पूरी जानकारी