Veer Guardian 26: भारत और जापान के बीच सैन्य सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. इसी कड़ी में पहली बार जापान के लड़ाकू विमान भारतीय जमीन पर उतरेंगे. जापान की एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स के एफ-2ए लड़ाकू विमान सितंबर में भारत आएंगे. ये विमान भारतीय वायुसेना के साथ राजस्थान के जोधपुर में होने वाले ‘वीर गार्जियन-26’ युद्धाभ्यास में हिस्सा लेंगे.
यह भारत और जापान के बीच होने वाला द्विपक्षीय हवाई अभ्यास है. जापानी मीडिया के मुताबिक, जापान के तीन एफ-2ए लड़ाकू विमान ओकिनावा और थाईलैंड के रास्ते भारत पहुंचेंगे. लंबी दूरी की उड़ान के दौरान अमेरिकी वायुसेना के टैंकर विमान हवा में ही इनमें ईंधन भरेंगे.
‘वीर गार्जियन-26’ अभ्यास 9 से 21 सितंबर तक जोधपुर में होगा. इसके लिए जापानी विमान 1 सितंबर को फुकुओका के एयरबेस से रवाना होंगे. इनके साथ जापानी वायुसेना के करीब 110 जवान भी भारत आएंगे. अभ्यास के दौरान दोनों देशों की वायुसेनाएं हवा में लड़ाई से जुड़े अलग-अलग अभ्यास करेंगी.
जापान से जोधपुर की दूरी करीब 5600 किलोमीटर
2023 में हुए ‘वीर गार्जियन’ अभ्यास में जापान ने चार एफ-2 और चार एफ-15 लड़ाकू विमान भेजे थे. इस बार तीन एफ-2ए विमान भारत आ रहे हैं. इतनी लंबी दूरी तय करने के दौरान अमेरिकी वायुसेना हवा में ही जापानी विमानों में ईंधन भरने में मदद करेगी.
जोधपुर और जापान के एयरबेस के बीच सीधी दूरी करीब 5600 किलोमीटर है. ऐसे में इतनी दूर लड़ाकू विमानों को भेजना जापान के लिए बड़ी चुनौती है. जापानी वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल मोरिता ताकेहीरो ने कहा कि लंबी दूरी की तैनाती में सिर्फ उड़ान ही नहीं, बल्कि विमानों की मरम्मत, रखरखाव और पूरे संचालन की व्यवस्था भी जरूरी होती है. मौसम का भी ध्यान रखना पड़ता है.
चीन की चुनौती के बीच बढ़ रही भारत-जापान की नजदीकी
भारत और जापान दोनों ही चीन की बढ़ती सैन्य ताकत को लेकर चिंतित हैं. चीन पूर्वी चीन सागर से लेकर हिमालय तक अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है. उसने पांचवीं पीढ़ी के जे-20 लड़ाकू विमानों को भारतीय सीमा के पास भी तैनात किया है.
हालांकि, जापानी अधिकारियों ने कहा है कि ‘वीर गार्जियन’ अभ्यास किसी खास देश को ध्यान में रखकर नहीं किया जा रहा है. दोनों देशों के बीच इस अभ्यास का मकसद हवाई संचालन और आपसी सैन्य सहयोग को मजबूत करना है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में घर का सपना होगा पूरा! DDA के 1287 फ्लैट की बुकिंग आज से शुरू, जानें कीमत और पूरी डिटेल