अमेरिका से मक्का-एथेनॉल की खरीद बढ़ाएगा भारत, 50% से घटकर 15% हो सकता है टैरिफ, कब होगी ट्रेड डील?

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बड़ी प्रगति के संकेत मिल रहे हैं.

India will increase the purchase of corn and ethanol from America
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बड़ी प्रगति के संकेत मिल रहे हैं. विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देशों के बीच जल्द ही एक महत्वपूर्ण ट्रेड समझौता होने की संभावना है, जिसमें भारत पर लगने वाले टैरिफ में भारी कमी की उम्मीद जताई जा रही है. फिलहाल भारत की कुछ प्रमुख वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाया गया है, जिसे घटाकर लगभग 15 प्रतिशत किया जा सकता है. इस समझौते की मुख्य रूप से ऊर्जा और कृषि क्षेत्रों में बातचीत केंद्रित है, जहां भारत कुछ रियायत देने को तैयार है.

सूत्रों के अनुसार, अमेरिका चाहता है कि भारत रूस से कच्चे तेल की खरीद को धीरे-धीरे कम करे और इसके बदले में अमेरिका से नॉन-जीएम (जेनेटिकली मॉडिफाइड) मक्का और सोयामील के आयात के लिए अपने बाजार को खोले. भारत इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है, लेकिन साथ ही घरेलू उद्योगों जैसे पोल्ट्री, डेयरी और एथेनॉल की सुरक्षा पर भी जोर दे रहा है ताकि भारतीय किसानों और व्यवसायों को कोई नुकसान न हो. वर्तमान में भारत सालाना लगभग 5 लाख टन मक्का अमेरिका से आयात करता है.

पनीर सहित अन्य कृषि उत्पादों पर विवाद

अमेरिका भारत से नॉन-जीएम मक्का पर 15 प्रतिशत कर को कम करने की मांग कर रहा है, लेकिन भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल इस कर में कटौती नहीं की जाएगी. साथ ही, अमेरिका भारतीय बाजार में अपने प्रीमियम चीज विशेषकर पनीर को प्रवेश दिलाने के लिए दबाव बना रहा है, लेकिन भारत ने इस प्रस्ताव को अभी स्वीकार नहीं किया है.

टैरिफ का इतिहास और वर्तमान स्थिति

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल में भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया था, जिसे रूस से कच्चा तेल खरीदने के कारण अतिरिक्त 25 प्रतिशत की पेनल्टी के रूप में बढ़ाकर कुल 50 प्रतिशत कर दिया गया. भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का लगभग 34 प्रतिशत रूस से और 10 प्रतिशत अमेरिका से आयात करता है. इस टैरिफ के कारण भारत का लगभग 85 हजार करोड़ रुपये का निर्यात प्रभावित हुआ है.

व्यापारिक समझौते में बाधाएं

पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल का कहना है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक बातचीत ट्रंप प्रशासन की नीति और रवैये के कारण अटकी हुई है. ट्रंप ने यूरोपीय यूनियन, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ तो व्यापार समझौते किए हैं, लेकिन भारत के साथ संबंधों में उन्होंने अपेक्षाकृत कड़क रुख अपनाया है. इसके बावजूद भारत अपने घरेलू हितों की रक्षा करते हुए अमेरिका के साथ एक मजबूत व्यापारिक साझेदारी को प्राथमिकता देता है.

द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य

भारत और अमेरिका ने 2030 तक अपने द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा लगभग 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा है. वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जुलाई 2025 के बीच भारत का अमेरिका को निर्यात 21.64 प्रतिशत बढ़कर 33.53 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 12.33 प्रतिशत बढ़कर 17.41 अरब डॉलर रहा. इस अवधि में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा.

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया की सड़कों पर पाकिस्तानी फैन ने शुभमन गिल के साथ की 'नापाक' हरकत, देखें वायरल वीडियो