भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेली जा रही है. पहले मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरा मैच 23 अक्टूबर को एडिलेड ओवल में खेला जाएगा. इसी बीच भारतीय कप्तान शुभमन गिल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने फैंस के बीच नई बहस छेड़ दी है.
एडिलेड की सड़कों पर हुआ वाकया
वीडियो में शुभमन गिल एडिलेड की सड़कों पर टहलते हुए नज़र आ रहे हैं. उन्होंने काले रंग की हुडी और हल्के नीले रंग की जींस पहनी हुई है. इस दौरान एक फैन उनसे मिलने आता है, हाथ मिलाते समय वह अचानक “पाकिस्तान जिंदाबाद” कह देता है. यह सुनकर गिल कुछ क्षण के लिए चौंक जाते हैं, लेकिन उन्होंने कोई तीखी प्रतिक्रिया नहीं दी. गिल ने पूरी शालीनता और संयम से स्थिति को संभाला और बिना कुछ कहे वहां से आगे बढ़ गए.
A Pakistani fan met Shubman Gill in Adelaide and said, "Pakistan Zindabad." 🇵🇰🇮🇳🔥 pic.twitter.com/2NVLpjwFo7
— Cric Passion (@CricPassionTV) October 22, 2025
गिल का यह शांत रवैया अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. कई फैंस उनकी इस प्रतिक्रिया की सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने “परिपक्व कप्तान” की तरह व्यवहार किया. वहीं कुछ लोगों ने उस व्यक्ति की हरकत की निंदा की, जिसे उन्होंने “उकसाने वाली कोशिश” बताया.
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रियाएं
वीडियो के सामने आने के बाद से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #ShubmanGill और #PakistanZindabad ट्रेंड कर रहे हैं. भारतीय प्रशंसक गिल के धैर्य और परिपक्वता की तारीफ कर रहे हैं. कई यूज़र्स ने लिखा कि यह घटना बताती है कि गिल मैदान के बाहर भी उतने ही संतुलित हैं जितने खेल के दौरान.
वहीं कुछ लोगों ने उस पाकिस्तानी फैन की हरकत को अनुचित बताया. उनका कहना है कि विदेशी धरती पर इस तरह के राजनीतिक या राष्ट्रवादी नारे लगाना खेल भावना के खिलाफ है.
भारत को एडिलेड में जीत जरूरी
श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से हराया था. वह मैच बारिश से प्रभावित रहा था, जिसके चलते दोनों टीमों को 26-26 ओवर खेलने का मौका मिला. भारतीय बल्लेबाज शुरुआत में संघर्ष करते दिखे, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.
अब जब श्रृंखला 1-0 से ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में है, तो एडिलेड में होने वाला दूसरा वनडे भारत के लिए “करो या मरो” की स्थिति लेकर आया है. अगर भारत यह मैच हारता है, तो सीरीज हाथ से निकल जाएगी.
एडिलेड में भारत का रिकॉर्ड
एडिलेड का मैदान भारतीय टीम के लिए मिश्रित परिणाम वाला रहा है. अब तक भारत ने यहां 15 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें 9 मैच जीते, 5 हारे और 1 मुकाबला टाई रहा है. टीम के बल्लेबाजों ने इस पिच पर अच्छा प्रदर्शन किया है, जबकि तेज गेंदबाजों को शुरुआती स्विंग में मदद मिलती रही है.
ये भी पढ़ें- मलेशिया नहीं जाएंगे पीएम मोदी, ट्रंप से नहीं होगी मुलाकात, ASEAN समिट में भारत से कौन लेगा हिस्सा?