PM Kisan Samman Nidhi: पीएम नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की थी, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए गए.
इस किस्त के जारी होने के बाद अब किसानों के बीच अगली यानी 23वीं किस्त को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अप्रैल में ही किसानों को अगली किस्त मिल सकती है.
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है. यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है. यह पूरी रकम एक साथ नहीं, बल्कि 2-2 हजार रुपये की तीन बराबर किस्तों में दी जाती है. अब तक इस योजना की 22 किस्तें जारी की जा चुकी हैं, जिनमें हालिया किस्त 13 मार्च को जारी हुई थी.
अप्रैल में 23वीं किस्त आने की सच्चाई
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही खबरों में दावा किया जा रहा है कि 23वीं किस्त अप्रैल में जारी हो सकती है, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है. योजना के नियमों के अनुसार, सरकार साल में तीन किस्तें ही जारी करती है और हर किस्त के बीच लगभग चार महीने का अंतर होता है.
चूंकि 22वीं किस्त मार्च में जारी की जा चुकी है, इसलिए अप्रैल में अगली किस्त जारी होना संभव नहीं है. आमतौर पर योजना की किस्तों का चक्र इस तरह चलता है, पहली किस्त अप्रैल से जुलाई के बीच, दूसरी अगस्त से नवंबर और तीसरी दिसंबर से मार्च के बीच जारी की जाती है.
कब आ सकती है 23वीं किस्त
23वीं किस्त को लेकर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. हालांकि, विभिन्न रिपोर्ट्स में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अगली किस्त वर्ष 2026 के अंत तक जारी की जा सकती है. फिलहाल यह सिर्फ कयास हैं और किसानों को आधिकारिक जानकारी के लिए सरकार के ऐलान का इंतजार करना होगा.
किसानों में बढ़ी उत्सुकता
हर साल की तरह इस बार भी लाखों किसान अगली किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों के लिए काफी अहम होती है, जिससे वे अपनी खेती और घरेलू जरूरतों को पूरा कर पाते हैं.
ये भी पढ़ें- अमेरिका, इजरायल से लेकर फ्रांस तक... भारतीय हथियारों के मुरीद हुए कई बड़े देश, देखें खरीदारों की लिस्ट