नई दिल्ली: देशभर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल पेमेंट सिस्टम में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है. 10 अप्रैल से नेशनल हाईवे के सभी टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद केवल FASTag और UPI के जरिए ही टोल शुल्क का भुगतान किया जा सकेगा.
सरकार की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, देशभर में टोल कलेक्शन को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम है. इसके साथ ही नेशनल हाईवे पर पेमेंट सिस्टम पूरी तरह कैशलेस हो जाएगा.
चरणबद्ध तरीके से खत्म किया गया कैश
सरकार पहले ही टोल प्लाजा पर कैश ट्रांजैक्शन को धीरे-धीरे खत्म करने की योजना पर काम कर रही थी. अब इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया है. NHAI पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि टोल पेमेंट को केवल FASTag और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों से प्रोसेस किया जाएगा.
इस बदलाव का उद्देश्य एक मजबूत डिजिटल टोलिंग ईकोसिस्टम तैयार करना और पूरे नेटवर्क को अधिक आधुनिक और कुशल बनाना है.
क्या होगा इसका फायदा
प्राधिकरण का कहना है कि इस फैसले से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी और ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी. डिजिटल पेमेंट से पारदर्शिता बढ़ेगी और टोल वसूली की प्रक्रिया अधिक तेज और आसान हो जाएगी.
रिपोर्ट्स के अनुसार, देशभर में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर 1,150 से अधिक टोल प्लाजा मौजूद हैं. ऐसे में पूरी तरह डिजिटल पेमेंट लागू होने से यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है.
यूपी में बढ़ा टोल शुल्क
इस बीच उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और NHAI ने उत्तर प्रदेश में टोल दरों में बढ़ोतरी भी की है.
नेशनल हाईवे पर पैसेंजर कारों के लिए टोल करीब 10 फीसदी तक बढ़ाया गया है. वहीं एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में 1.5% से 3.5% तक की वृद्धि की गई है.
लखनऊ-आगरा और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर नए रेट
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कार और SUV के लिए टोल 665 रुपये से बढ़ाकर 675 रुपये कर दिया गया है, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए शुल्क 330 रुपये से बढ़ाकर 335 रुपये कर दिया गया है.
वहीं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कार के लिए टोल 10 रुपये बढ़ाकर 295 रुपये कर दिया गया है और दोपहिया वाहनों के लिए 5 रुपये बढ़ाकर 145 रुपये कर दिया गया है. इसके अलावा कमर्शियल वाहनों को भी अब पहले की तुलना में अधिक टोल शुल्क देना होगा.
ये भी पढ़ें- पिछले 24 घंटे में ईरान ने अमेरिका को दिया बड़ा घाव, 2 फाइटर जेट और 2 हेलीकॉप्टर किया तबाह, पायलट लापता