क्रिकेट के मैदान पर भारत-पाकिस्तान के बीच फिर होगी टक्कर, जानें कब और कहां होगा मुकाबला

India vs Pakistan: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है. एशिया कप 2025 में पुरुष टीम की शानदार जीत के बाद अब बारी है महिला खिलाड़ियों की, जो वनडे विश्व कप 2025 में पाकिस्तान को टक्कर देने वाली हैं.

India vs Pakistan Women ODI World Cup 2025 match on 5th October in Colombo
Image Source: Freepik

India vs Pakistan: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है. एशिया कप 2025 में पुरुष टीम की शानदार जीत के बाद अब बारी है महिला खिलाड़ियों की, जो वनडे विश्व कप 2025 में पाकिस्तान को टक्कर देने वाली हैं. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 30 सितंबर से शुरू हो रहा है, जबकि भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें 5 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी.

30 सितंबर से शुरू होगा महिला विश्व कप 2025

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से हो रही है. पहला मुकाबला भारतीय महिला टीम और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. यह मैच गुवाहाटी में होगा और दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. इस टूर्नामेंट के तहत भारत की निगाहें न सिर्फ जीत पर बल्कि अपने पुराने रिकॉर्ड को कायम रखने पर भी होंगी.

भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला

क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे रोमांचक दिन होगा 5 अक्टूबर, जब भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें कोलंबो में आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला भी दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. यह मैच सिर्फ एक क्रिकेट मुकाबला नहीं, बल्कि दो चिर-प्रतिद्वंदी टीमों के बीच प्रतिष्ठा की जंग होगी.

अब तक पाकिस्तान को नहीं मिली एक भी जीत

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें अब तक वनडे में 11 बार भिड़ चुकी हैं, और हर बार जीत भारत के नाम रही है. पाकिस्तान की टीम एक बार भी भारतीय महिला टीम को हराने में सफल नहीं हो पाई है. ऐसे में 5 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है.

भारतीय महिला टीम

इस टूर्नामेंट के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में कई अनुभवी और युवा खिलाड़ी शामिल हैं. टीम कुछ इस प्रकार है: प्रतीका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, अमनजोत कौर, उमा छेत्री, श्री चरणी. इस स्क्वॉड में अनुभव और युवा जोश का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा.

क्या इतिहास दोहराएगी टीम इंडिया?

भारतीय पुरुष टीम की तरह महिला टीम ने भी बीते सालों में पाकिस्तान पर दबदबा कायम रखा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या 5 अक्टूबर को कोलंबो में महिला टीम भी उसी अंदाज में पाकिस्तान को शिकस्त दे पाएगी. दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: 'सूर्या अकेले में हाथ मिलाता है और कैमरे पर...' हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान करने लगे अजीबो-गरीब दावे