Delhi Police Family PC: नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिवार शुक्रवार को सामने आए. उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों को किस तरह भीड़ का सामना करना पड़ा और उनके परिवारों ने किस दर्द से गुजरना पड़ा.
एक घायल पुलिसकर्मी की बेटी ने बताया कि प्रदर्शन के बाद जब उनके पिता घर लौटे तो उनकी वर्दी खून से पूरी तरह लाल थी. उनके सिर पर चोट लगी थी और उन्हें कई टांके आए थे. बेटी ने कहा कि अगर उनके पिता ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी जान भी जा सकती थी.
बेटी ने बताया पिता की हालत देखकर डर गई थी
घायल सब-इंस्पेक्टर की बेटी ने बताया कि उनके पिता पहले भारतीय नौसेना में मरीन कमांडो रह चुके हैं और उन्होंने देश की सेवा में कई साल बिताए हैं.
दिल्ली : CJP के आंदोलन के दौरान घायल हुए थे पुलिसकर्मी...घायल पुलिसकर्मियों के परिजनों की प्रेस कॉन्फ्रेंस....मेरे पिता को गहरी चोट लगी थी-पुलिसकर्मी की बेटी
— Bharat 24 - Vision Of New India (@Bharat24Liv) July 31, 2026
Watch : https://t.co/3fJ4B969tt#Delhi #CJP #NeetPaperLeak #PolicePersonnel #PressConference #Bharat24Digital… pic.twitter.com/p35ACvP5M7
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन वाले दिन परिवार काफी चिंतित था. जब उन्हें पता चला कि जंतर-मंतर पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई है तो सभी डर गए थे.
बेटी ने बताया कि रात में जब उनके पिता घर आए तो उनकी हालत देखकर वह घबरा गईं. उनकी वर्दी खून से सनी हुई थी और सिर पर चोट के निशान थे.
भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर किया हमला
पुलिसकर्मी की बेटी ने बताया कि उनके पिता प्रदर्शन स्थल पर बैरिकेड के पास ड्यूटी कर रहे थे. वहां भारी भीड़ मौजूद थी. उनके अनुसार, हालात बिगड़ने के बाद कुछ लोगों ने उनके पिता को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की.
उन्होंने बताया कि घटना के बाद उनके पिता कई घंटे तक अस्पताल में रहे. रात में उनके साथी उन्हें घर लेकर आए. उस समय उनकी हालत देखकर परिवार को काफी सदमा लगा.
सोशल मीडिया पर आरोपों से परिवार को पहुंचा दुख
बेटी ने कहा कि जब उन्होंने सोशल मीडिया देखा तो वहां उनके पिता और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप लगाए जा रहे थे. यह देखकर उन्हें काफी दुख हुआ.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, वे अपने बचाव के लिए कानूनी रास्ता अपना रहे हैं, इसलिए पुलिसकर्मियों के परिवारों ने भी न्याय की मांग करने का फैसला किया.
पुलिस परिवारों ने मांगा न्याय
घायल पुलिसकर्मी की बेटी ने बताया कि कई पुलिस परिवार एक साथ आए और उन्होंने अपनी बात रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया.
उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि देश के कानून में सभी नागरिकों के लिए बराबर अधिकार हैं और उन्हें भी न्याय मिलेगा.
घायल एसीपी की पत्नी ने भी साझा किया दर्द
वहीं, दिल्ली पुलिस के एक एसीपी की पत्नी ने भी अपनी परेशानी बताई. उन्होंने कहा कि जब उनके पति घायल हालत में देर रात घर लौटे तो वह पल उनके और उनकी छोटी बेटी के लिए बेहद दर्दनाक था.
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवार इस घटना से प्रभावित हुए हैं और वे चाहते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने आए.
ये भी पढ़ें- शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा! क्या है पार्टी छोड़ने की क्या वजह? X का बायो भी अपडेट