'सूर्या अकेले में हाथ मिलाता है और कैमरे पर...' हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान करने लगे अजीबो-गरीब दावे

एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत से हारने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय खिलाड़ियों, खासकर सूर्यकुमार यादव के व्यवहार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

Pakistani captain makes claims about not shaking hands
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

दुबई: एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत से हारने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय खिलाड़ियों, खासकर सूर्यकुमार यादव के व्यवहार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भारतीय टीम का रवैया खेल भावना के खिलाफ था और यह क्रिकेट जैसे जेंटलमैन गेम की गरिमा के अनुकूल नहीं है.

फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया, लेकिन मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर सलमान अली आगा ने कई गंभीर आरोप लगाए.

भारतीय टीम ने क्रिकेट का अपमान किया

मैच के बाद हुई प्रेस वार्ता में सलमान ने कहा, "भारत ने जिस तरह का व्यवहार किया, वह बेहद निराशाजनक था. उन्होंने हमसे हाथ मिलाना जरूरी नहीं समझा. ये केवल हमारा नहीं बल्कि पूरे क्रिकेट का अपमान है."

उन्होंने आगे कहा कि जीत और हार के बाद खिलाड़ियों का एक-दूसरे से हाथ मिलाना सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि खेल की आत्मा का हिस्सा है. उन्होंने यह भी कहा कि अच्छी और जिम्मेदार टीमें कभी ऐसा व्यवहार नहीं करतीं.

सलमान ने कहा, "हमने अपनी ओर से पूरी जिम्मेदारी निभाई. हम ट्रॉफी समारोह में खड़े रहे, पदक लिए और फोटोशूट भी कराया. लेकिन भारतीय टीम का व्यवहार बेहद असम्मानजनक था. मैं सख्त शब्द नहीं कहना चाहता, पर जो हुआ वो क्रिकेट के लिए अच्छा नहीं था."

सूर्यकुमार पर निजी और सार्वजनिक व्यवहार में अंतर

सलमान आगा ने सूर्यकुमार यादव पर दोहरा बर्ताव करने का आरोप भी लगाया. उनके अनुसार, सूर्यकुमार ने निजी रूप से उनसे कई बार हाथ मिलाया लेकिन जब कैमरे के सामने की बात आई, तो उन्होंने हाथ मिलाने से परहेज़ किया.

सलमान आगा ने कहा, "टूर्नामेंट शुरू होने से पहले और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार ने मुझसे निजी तौर पर हाथ मिलाया था. यहां तक कि रेफरी की सुनवाई के दौरान भी वह विनम्र थे. लेकिन जब सार्वजनिक मंच पर हाथ मिलाने की बात आई, तो उन्होंने दूरी बनाई. ये दिखाता है कि वह कैमरों के सामने दिखावे की भूमिका निभा रहे थे."

सलमान ने यह भी जोड़ा कि सूर्यकुमार संभवतः किसी निर्देश का पालन कर रहे होंगे, लेकिन अगर फैसला उनके ऊपर होता, तो शायद वे हाथ मिलाते.

वे पीसीबी प्रमुख से ट्रॉफी नहीं लेना चाहते थे

ट्रॉफी वितरण को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया. सलमान ने बताया कि भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया, जिसकी वजह से आयोजन प्रक्रिया बाधित हुई.

उन्होंने कहा, "मोहसिन नकवी एसीसी के अध्यक्ष हैं, और परंपरानुसार विजेता टीम को ट्रॉफी वही प्रदान करते हैं. लेकिन भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से परहेज़ किया क्योंकि वे पीसीबी अध्यक्ष के हाथों ट्रॉफी लेना नहीं चाहते थे. ये पहली बार है जब किसी विजेता टीम ने ट्रॉफी लेने से मना किया हो."

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आज की घटना नहीं है, बल्कि पहले से चल रहे घटनाक्रमों का परिणाम है. सलमान ने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस तरह के मामलों पर रोक लगेगी ताकि क्रिकेट की गरिमा बनी रहे.

यह व्यवहार बच्चों को गलत संदेश देता है- आगा

सलमान ने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान जैसे क्रिकेट-प्रेमी देशों में खिलाड़ी सिर्फ खिलाड़ी नहीं होते, बल्कि युवाओं के रोल मॉडल होते हैं. अगर वे खुद खेल भावना नहीं दिखाएंगे, तो युवा पीढ़ी से क्या उम्मीद की जा सकती है?

सलमान ने कहा, "मैं सिर्फ पाकिस्तान का कप्तान नहीं हूं, बल्कि क्रिकेट का प्रशंसक भी हूं. जब कोई बच्चा टीवी पर हमें देखता है, तो वह हमारे व्यवहार से सीखता है. अगर हम आपसी सम्मान नहीं दिखाते, तो यह खेल और समाज दोनों के लिए खतरनाक संकेत है."

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के व्यवहार पर सवाल भारत के लोगों से पूछे जाने चाहिए, क्योंकि वही इसके लिए जिम्मेदार हैं.

मैच फीस पीड़ित परिवारों को दान करेंगे

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में सलमान ने एक भावनात्मक ऐलान करते हुए कहा कि पाकिस्तान टीम पूरी मैच फीस उन परिवारों को दान करेगी जिन्होंने हाल ही में आतंकवादी हमलों में अपनों को खोया है.

गौरतलब है कि यह मुकाबला ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पहला बड़ा क्रिकेट मैच था. ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना द्वारा पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ की गई सैन्य कार्रवाई थी, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत हुई थी.

ये भी पढ़ें- PoK में सड़कों पर उतरे हजारों लोग, फुटा 70 सालों का गुस्सा, पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हुआ विद्रोह!