Shehzad Poonawalla Resigns: भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल शहजाद पूनावाला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपना इस्तीफा बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को सौंप दिया है.
CNN-News18 के सूत्रों के अनुसार, शहजाद पूनावाला ने निजी कारणों की वजह से यह कदम उठाया है. हालांकि, अभी तक इस्तीफे की असली वजह पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है.
जल्द जारी कर सकते हैं अपना बयान
बताया जा रहा है कि शहजाद पूनावाला जल्द ही अपने इस्तीफे को लेकर आधिकारिक बयान जारी कर सकते हैं. इसके बाद ही उनके फैसले के पीछे की पूरी वजह सामने आ पाएगी.
बीजेपी के मुखर चेहरे के रूप में बनाई पहचान
शहजाद पूनावाला बीजेपी में लंबे समय तक प्रवक्ता की भूमिका में रहे हैं. टीवी बहसों में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए उन्हें जाना जाता था.
वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थक भी रहे हैं और कई मौकों पर उन्होंने पार्टी की नीतियों का खुलकर बचाव किया है.
सोशल मीडिया प्रोफाइल में दिखा बदलाव
इस्तीफे के बाद शहजाद पूनावाला के सोशल मीडिया प्रोफाइल में भी बदलाव नजर आया है. उनके एक्स अकाउंट के बायो में अब बीजेपी प्रवक्ता का जिक्र नहीं दिख रहा है. हालांकि, उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक बताया है.

वहीं, उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभी भी उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया गया है. माना जा रहा है कि इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है.