India Post GDS Vacancy 2026: सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे लाखों युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग ने एक बार फिर उम्मीद की बड़ी खिड़की खोल दी है. खास तौर पर 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह मौका किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है. ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 के तहत देशभर में हजारों पदों पर बिना परीक्षा सीधी भर्ती की जा रही है, जिससे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
भारतीय डाक में निकली बंपर भर्ती
भारतीय डाक विभाग ने इस बार ग्रामीण डाक सेवक के कुल 28,740 पदों पर भर्तियों की घोषणा की है. इन पदों में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं.
आवेदन की आखिरी तारीख और जरूरी शेड्यूल
इस भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 14 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन फॉर्म 2 फरवरी से 16 फरवरी 2026 के बीच सबमिट किए जा सकेंगे. जिन उम्मीदवारों से आवेदन के दौरान कोई गलती हो जाती है, उनके लिए 18 और 19 फरवरी 2026 को करेक्शन विंडो भी खोली जाएगी. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 16 फरवरी 2026 तय की गई है. आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in के माध्यम से ही किया जा सकता है.
पद के अनुसार सैलरी स्ट्रक्चर
डाक विभाग की इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार वेतन मिलेगा. ब्रांच पोस्टमास्टर पद के लिए वेतनमान 12,000 रुपये से 29,380 रुपये तक रखा गया है, जबकि असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर और डाक सेवक के लिए सैलरी 10,000 रुपये से 24,470 रुपये प्रतिमाह तक होगी.
योग्यता और उम्र सीमा क्या है?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है, जिसमें गणित और अंग्रेजी विषय शामिल हों. इसके साथ ही जिस राज्य या सर्किल के लिए आवेदन किया जा रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना जरूरी है. उम्मीदवार को कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान होना चाहिए और साइकिल चलाने में सक्षम होना भी आवश्यक है. आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 40 साल तय की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी.
बिना परीक्षा होगी सीधी भर्ती
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी तरह की लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी. उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से किया जाएगा. मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए डिविजनल हेड के पास बुलाया जाएगा. माना जा रहा है कि इस भर्ती की पहली मेरिट लिस्ट 28 फरवरी 2026 को जारी हो सकती है.
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां भर्ती से जुड़े लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और अंत में फॉर्म सबमिट करना होगा.
ये भी पढ़ें: रेलवे में ग्रुप डी के बंपर पदों पर भर्ती, 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जानें सेलेक्शन प्रोसेस