रेलवे में ग्रुप डी के बंपर पदों पर भर्ती, 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जानें सेलेक्शन प्रोसेस

Railway Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे लाखों युवाओं के लिए साल 2026 की शुरुआत एक बड़ी उम्मीद लेकर आई है. भारतीय रेलवे ने एक बार फिर ऐसे उम्मीदवारों के लिए दरवाजे खोले हैं, जो कम शैक्षणिक योग्यता में स्थायी सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं.

Railway Recruitment 2026 RRB group d vaccancy government jobs 2026
Image Source: Social Media

Railway Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे लाखों युवाओं के लिए साल 2026 की शुरुआत एक बड़ी उम्मीद लेकर आई है. भारतीय रेलवे ने एक बार फिर ऐसे उम्मीदवारों के लिए दरवाजे खोले हैं, जो कम शैक्षणिक योग्यता में स्थायी सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप-डी लेवल-1 पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान कर दिया है, जिससे देशभर के अलग-अलग रेलवे जोन में हजारों खाली पद भरे जाएंगे. इस भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.

21,997 पदों पर होगी नियुक्ति

रेलवे की इस नई भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 21,997 पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी. ये भर्तियां अलग-अलग रेलवे जोन और यूनिट्स में की जाएंगी. आवेदन प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 2 मार्च 2026 तय की गई है, जबकि फीस जमा करने के लिए 4 मार्च 2026 तक का समय दिया गया है. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

कम पढ़ाई में सरकारी नौकरी का मौका

रेलवे ग्रुप-डी भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें शैक्षणिक योग्यता को बेहद सरल रखा गया है. अगर किसी उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास कर ली है, तो वह इस भर्ती के लिए पात्र है. इसके अलावा NCVT द्वारा जारी नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC) रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. यही कारण है कि यह भर्ती ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए बड़ा अवसर बनकर सामने आई है.

आयु सीमा में भी मिलेगी राहत

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी. हालांकि सरकारी नियमों के तहत आरक्षित वर्गों जैसे SC, ST और OBC उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी. इससे उन उम्मीदवारों को भी मौका मिलेगा, जो उम्र की वजह से अब तक पीछे रह जाते थे.

आवेदन शुल्क और रिफंड की सुविधा

रेलवे ग्रुप-डी भर्ती में जनरल और OBC वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है. वहीं SC, ST, महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को केवल 250 रुपये शुल्क देना होगा. खास बात यह है कि CBT परीक्षा में शामिल होने पर फीस का बड़ा हिस्सा वापस कर दिया जाएगा. जनरल और OBC उम्मीदवारों को 400 रुपये और अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को पूरे 250 रुपये रिफंड किए जाएंगे. ऐसे में आवेदन करते समय बैंक खाते की सही जानकारी देना बेहद जरूरी है.

चयन प्रक्रिया कैसे होगी? 

रेलवे ग्रुप-डी भर्ती की चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी. सबसे पहले उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) देनी होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान, गणित और रीजनिंग जैसे विषयों से सवाल पूछे जाएंगे. CBT में सफल उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के लिए बुलाया जाएगा, जहां शारीरिक क्षमता की जांच की जाएगी. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट होगा. सभी चरणों को सफलतापूर्वक पास करने वाले उम्मीदवारों का ही अंतिम चयन किया जाएगा.

आवेदन करते समय न करें ये गलतियां

ऑनलाइन आवेदन से पहले उम्मीदवार अपनी पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर को सही फॉर्मेट में स्कैन करके रखें. आवेदन फॉर्म में नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण वही भरें, जो आपकी 10वीं की मार्कशीट में दर्ज हैं. किसी भी तरह की गलती आगे चलकर आवेदन रद्द होने का कारण बन सकती है.

ये भी पढ़ें: लॉ ग्रेजुएट्स के लिए शानदार मौका, भारतीय सेना में बनें लेफ्टिनेंट, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया