India AI Impact Summit: नई दिल्ली में आज से इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 की शुरुआत हो रही है. कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. यह आयोजन भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक चलेगा. उद्घाटन के दिन प्रदर्शनी क्षेत्र आम लोगों के लिए बंद रहेगा, जबकि एक्सपो 17 फरवरी से सभी के लिए खोल दिया जाएगा.
इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित किया जा रहा है. यहां 10 अलग-अलग एरेना बनाए गए हैं, जहां वैश्विक टेक कंपनियां, स्टार्टअप, शोध संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकारें अपने AI समाधान पेश करेंगी. इस एक्सपो में 300 से ज्यादा प्रदर्शनी स्टॉल और लाइव डेमो लगाए गए हैं.
600 से अधिक स्टार्टअप इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें कई ऐसे हैं जो बड़े स्तर पर उपयोग में आ रहे AI समाधान दिखा रहे हैं. प्रदर्शनी को ‘लोग, ग्रह और उन्नति’ जैसे तीन मुख्य विषयों के आधार पर तैयार किया गया है.
13 देशों के पवेलियन, अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर जोर
इस समिट में 13 देशों के विशेष पवेलियन भी लगाए गए हैं. इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीकी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल हैं. आयोजन का उद्देश्य AI के क्षेत्र में वैश्विक साझेदारी को मजबूत करना है.
कुल मिलाकर 25 लाख से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है, जिनमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.
दुनिया के शीर्ष नेता और टेक दिग्गज रहेंगे मौजूद
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर कई देशों के प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं. इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron, यूएई के क्राउन प्रिंस Khalid bin Mohamed bin Zayed Al Nahyan, ब्राजील के राष्ट्रपति Luiz Inácio Lula da Silva और स्पेन के प्रधानमंत्री Pedro Sánchez शामिल हैं.
इसके अलावा भूटान, श्रीलंका, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और मॉरीशस के शीर्ष नेता भी भाग लेंगे. 45 से अधिक देशों के मंत्री-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.
19 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी वैश्विक टेक जगत के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान Sundar Pichai, Sam Altman और Bill Gates जैसे दिग्गजों की मौजूदगी रहेगी. बैठक में भारत में AI निवेश और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा होने की संभावना है.
500 से ज्यादा सत्रों में होगी गहन चर्चा
समिट के दौरान 500 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 3,250 से ज्यादा वक्ता भाग लेंगे. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, लैंगिक समानता और दिव्यांगजन से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्ट जारी की जाएगी. रिसर्च संगोष्ठी, CEO राउंडटेबल और GPAI काउंसिल की बैठकें भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं.
कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन
कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. 10,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल के आसपास एंटी-ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम लगाया गया है. 500 से ज्यादा CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, जिनमें फेस रिकग्निशन और नंबर प्लेट पहचान तकनीक शामिल है.
NDRF की पांच टीमें तैनात रहेंगी और दो टीमें रिजर्व में रहेंगी. भारत मंडपम, सुषमा स्वराज भवन और हैदराबाद हाउस के आसपास सख्त सुरक्षा रहेगी. वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भैरों मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, कर्तव्य पथ और सफदरजंग रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा.
दिनवार कार्यक्रम
भारत को ग्लोबल AI हब बनाने की पहल
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्देश्य भारत को वैश्विक AI इकोसिस्टम में मजबूत स्थान दिलाना है. इस मंच के जरिए नई साझेदारियां, निवेश के अवसर और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें- IND vs PAK: पाकिस्तान को किसी टीम ने नहीं किया इतना जलील, भारत ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड