IND vs PAK: कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत हासिल की और ग्रुप-ए से सुपर-8 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई. आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मिली यह जीत कई मायनों में खास रही.
इस मुकाबले के बाद भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में नया कीर्तिमान बनाया. भारत पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने किसी एक टीम (पाकिस्तान) के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में 8 मैच जीते हैं. दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले हुए हैं, जिनमें भारत ने 8 बार जीत हासिल की है. पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत मिली थी, जो 2021 में आई थी.
अब तक किसी भी अन्य टीम ने टी20 वर्ल्ड कप में किसी एक विरोधी के खिलाफ 6 से ज्यादा जीत दर्ज नहीं की है. ऐसे में यह उपलब्धि भारतीय टीम के लिए खास मानी जा रही है.
ईशान किशन की दमदार पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 175 रन बनाए और 6 विकेट गंवाए. इस स्कोर में ईशान किशन की बड़ी भूमिका रही. उन्होंने 40 गेंदों में 77 रन की तेज पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी आक्रामक रही और उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए. उन्हें लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रन बनाकर टीम को संभाला.
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही कमजोर
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा. कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. मैच से पहले पाकिस्तान की गेंदबाजी की चर्चा थी, लेकिन इस मैच में भारत ने हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन किया.
कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है. उनकी अगुवाई में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए चारों टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते हैं. अगर कुल टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड देखें तो भारत पाकिस्तान पर 14-3 से आगे है.
ये भी पढ़ें- IND vs PAK: मैच कैंसिल होता तो डूब जाते 1600 करोड़! भारत के सामने पाकिस्तान ने क्यों टेके घुटने?