IND vs ZIM: हरारे में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया. इस पारी के साथ ही भारतीय टीम ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
भारत ने एक कैलेंडर ईयर में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने के अपने ही रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. इससे पहले टीम इंडिया ने 2024 में 9 बार यह कारनामा किया था और अब 2026 में भी भारतीय टीम 9 बार 200 रन बना चुकी है.
शुरुआत में लगे झटके, फिर ईशान-तिलक ने संभाली पारी
टॉस हारने के बाद भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन शुरुआत अच्छी नहीं रही. सिर्फ 29 रन के स्कोर तक भारत ने अपने दोनों ओपनर बल्लेबाजों को गंवा दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत करते हुए 9 गेंदों में 20 रन बनाए, लेकिन ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके. वहीं अभिषेक शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर खबर ली.
ईशान किशन ने खेली शानदार पारी
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए ईशान किशन ने जिम्मेदारी के साथ आक्रामक खेल दिखाया. उन्होंने 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली. ईशान की पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. उन्होंने पहले श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 66 रन जोड़े और फिर तिलक वर्मा के साथ मिलकर 94 रन की बड़ी साझेदारी की. उनकी पारी ने भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया.
तिलक वर्मा ने भी मचाया धमाल
तिलक वर्मा जब बल्लेबाजी करने आए तो उन्होंने आते ही तेज गति से रन बनाना शुरू कर दिया. उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके बाद 29 गेंदों में 60 रन बनाकर नाबाद लौटे. तिलक की इस शानदार पारी में 5 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. ईशान और तिलक की जोड़ी ने भारतीय स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया.
आखिरी ओवरों में जिम्बाब्वे ने रोकी रफ्तार
एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत 235 से 240 रन तक पहुंच सकता है. 17 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 188 रन था और सिर्फ 3 विकेट गिरे थे. लेकिन आखिरी तीन ओवरों में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने वापसी की. उन्होंने सिर्फ 31 रन दिए और भारत के दो बल्लेबाजों को आउट कर दिया. इसके बावजूद भारतीय टीम 219 रन का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही.
भारत ने बनाया खास रिकॉर्ड
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक साल में सबसे ज्यादा बार 200 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पहले से भारत के नाम है. 2024 में भारतीय टीम ने 9 बार 200 का स्कोर बनाया था. अब 2026 में भी भारत ने 9वीं बार यह उपलब्धि हासिल कर ली है. ईशान किशन और तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी ने न सिर्फ टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि एक नया रिकॉर्ड बनाने में भी अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में फिर दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, सांबा और कठुआ में सुरक्षा बलों ने चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन